हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. वहीं, प्रदेश के जिलों के बीच सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के लंबे सफर को आसान बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में पाकिस्तान बॉर्डर तक सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को एक और बड़ी सौगात दी गई है.

रोडवेज विभाग की शानदार सुविधा
भारत- पाकिस्तान बॉर्डर तक फतेहाबाद रोडवेज डिपो ने सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के लिए लंबी दूरी की यात्रा को सुगम बनाने की शानदार पहले की है. बता दें कि फतेहाबाद डिपो की यह बस हिसार से रवाना होकर वाया फतेहाबाद व सिरसा, ऐलनाबाद, सूरतगढ़, हनुमानगढ़ होते हुए बिल्कुल पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक अनूपगढ़ तक का सफर तय करती है.
हिसार बस स्टैंड से यह बस सुबह 10.45 बजे रवाना होकर 11.45 बजे फतेहाबाद, दोपहर 1 बजे सिरसा पहुंचते हुए शाम 7 बजे राजस्थान के अनूपगढ़ पहुंचती है. यहां रात्रि ठहराव के बाद वापसी में अगले दिन सुबह 05.15 बजे अनूपगढ़ से रवाना होकर दोपहर साढ़े 12 बजे के आसपास फतेहाबाद आगमन करती है. हिसार सहित फतेहाबाद व सिरसा जिले के कई इलाकों को पाकिस्तान बॉर्डर तक सफर करने वाली इस सीधी बस सेवा का लाभ मिल रहा है.
परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने का लक्ष्य
फतेहाबाद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार से चलकर फतेहाबाद और सिरसा होते हुए राजस्थान के अनूपगढ़ (पाकिस्तानी बॉर्डर) तक सफर करने वाली इस सीधी बस सेवा को यात्रियों का बेहतर रिस्पांस मिल रहा है. सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में रोडवेज विभाग द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं.
लंबी दूरी की सीधी बस सेवा शुरू करने का यात्रियों को तगड़ा फायदा मिल रहा है. उन्हें अपने घर के आसपास से सीट पर बैठकर सफर करने की सुविधा मिल रही है जिससे उनकी यात्रा आरामदायक बन रही है.