जींद | हरियाणा में खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम मंदिर की तर्ज पर ही जींद जिले के उचाना कलां के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बनने वाले खाटूश्याम के विशाल भव्य मंदिर की 26 अप्रैल यानि आज भूमि पूजन के बाद नींव ईंट रखी जाएगी.

विशाल कार्यक्रम होगा आयोजित
इस अवसर पर यहां एक बड़ा सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें भजन गायक पूजा शाह पानीपत, पावनी खुराना हिसार और शिवम गोयल उचाना अपने गीतों से खाटू श्याम की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे.
मंच संचालक सोनू बंसल ने बताया कि इस शुभ अवसर पर आज उचाना विधानसभा क्षेत्र के 66 गांवों से लोग पहुंचेंगे. हर गांव में जाकर आयोजक कमेटी द्वारा निमंत्रण दिया गया था. पिछले कई महीनों से इसको लेकर जोरो-शोरों से तैयारियां चल रही है. नींव की खुदाई वाली जगह पर हर रोज श्रृंगार कर फूलों से जय श्री श्याम लिखा जा रहा है. नींव में 11 धाम की मिट्टी एवं जल को पीतल के कलश में डालकर रखा जाएगा. खाटू श्याम से मुख्य पुजारी इस आज भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
उचाना के लिए ऐतिहासिक दिन
मंदिर प्रबंधन कमेटी ने बताया कि 26 अप्रैल का दिन उचाना के लिए ऐतिहासिक दिन है. 5100 गज में खाटू श्याम मंदिर निर्माण की नींव ईंट रखी जा रही है. इस दिन श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे ताकि वो इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें. उन्होंने बताया कि हारे के सहारे श्याम बाबा के चाहने वाले देश-दुनिया के कोने-कोने में स्थित है. ऐसे में खाटूश्याम मंदिर का निर्माण श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात होगी.