फरीदाबाद | हरियाणा का फरीदाबाद जल्द ही EV फ्रेंडली शहर बनने की ओर बढ़ रहा है. बता दें कि फरीदाबाद नगर निगम ने यहां 100 से ज्यादा इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना बनाई है. नगर निगम ने यह फैसला शहर में तेजी से बढ़ रहे इलेक्ट्रिक वाहनों को देखते हुए लिया है. इन चार्जिंग स्टेशनों की संख्या 100 के आसपास हो सकती है और लगभग 8 एजेंसियों ने शहर में चार्जिंग स्टेशन प्रोजेक्ट में निवेश को लेकर अपनी रूचि दिखाई है. नगर निगम जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी करेगा.

20 हजार से अधिक EV वाहन रजिस्टर्ड
फरीदाबाद शहर में 20 हजार से अधिक EV वाहन रजिस्टर्ड है लेकिन फिलहाल नगर निगम व अन्य किसी विभाग की ओर से कोई चार्जिंग स्टेशन नहीं लगाए गए है, जिससे लोगों को घर पर ही अपने व्हीकल चार्ज करने पड़ते है. इससे ओवर चार्जिंग होने पर आग लगने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे कई मामले पहले दर्ज किए जा चुके है, लेकिन अब चार्जिंग स्टेशन बनने से यह समस्या दूर होगी. नगर निगम ने 1 साल पहले करीब 16 जगहों का चुनाव चार्जिंग स्टेशन के लिए किया था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई और प्रोजेक्ट रद हो गया.
अब नगर निगम ने चार्जिंग स्टेशन के लिए सरकारी विभाग और कॉलेज जैसी जगहों को चयनित किया है. इसके साथ ही कुछ बड़े बाजारों को भी शामिल किया है. इसके अलावा चार्जिंग स्टेशन पर फूड स्टॉल भी लगवाई जाएगी, ताकि लोगों को चार्जिंग के साथ व्यंजन चखने को मिल सके
EV वाहनों को बढ़ावा
राज्य में EV का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन चार्जिंग स्टेशनों की कमी बड़ी समस्या बनी हुई है. ऐसे में यह पहल न सिर्फ लोगों को राहत देगी, बल्कि इलेक्ट्रिक वाहनों को भी बढ़ावा देगी. सरकार का यह कदम प्रदूषण कम करने और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि शहरों में EV का उपयोग आसान बनाना है, ताकि लोग पेट्रोल और डीजल वाहनों से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर शिफ्ट हो सके.