खुशखबरी: दिल्ली के कोने- कोने तक मिलेगी मेट्रो की सुविधा, 7 नए रूटों पर 65 स्टेशनों की लिस्ट आई सामने

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि दिल्ली की बीजेपी सरकार ने मेट्रो विस्तार के फैसले को हरी झंडी दिखा दी है जिसके बाद आने वाले समय में ऐसे इलाकों तक मेट्रो की सुविधा का लाभ मिलेगा जहां अभी तक बस जैसी सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का भी अभाव था.

Gurugram Metro 2

दिल्ली में कोने- कोने तक पहुंचेगी मेट्रो

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि मेट्रो का नया 5B प्रोजेक्ट तैयार किया गया है. इसके तहत, 65 नए मेट्रो स्टेशन के साथ 97 किलोमीटर का नया मेट्रो नेटवर्क तैयार किया जाएगा और इसपर करीब 48 हजार करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इससे दिल्ली के दूरदराज इलाकों और उभरती कॉलोनियों को मेट्रो नेटवर्क के जरिए सेंट्रल दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.

इनमें से 4 कॉरिडोर को साल 2029 से पहले पूरा कर लिया जाएगा. इनकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) पहले ही तैयार कर ली गई है और अब कैबिनेट मंजूरी का इंतजार है. इसको लेकर सीएम रेखा गुप्ता और DMRC के बीच लंबी बैठक हो चुकी है. केंद्र सरकार से भी इस परियोजना को मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है.

धांसा बस स्टैंड- नांगलोई

11.86 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर नजफगढ़ क्षेत्र को मेट्रो की ग्रीन लाइन से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. यह ग्रामीण दिल्ली और शहरी दिल्ली के बीच एक बड़ा लिंक साबित होगा. इससे नजफगढ़ और आसपास के गाँवों के लोगों को सीधे नांगलोई मेट्रो (ग्रीन लाइन) की कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे बहादुरगढ़ और कीर्ति नगर जाना आसान हो जाएगा. इस रूट पर धांसा बस स्टैंड, नजफगढ़, मित्रांव, जाफरपुर कलां, सुरहेड़ा, खरखरी नाहर, बापरोला, बक्करवाला और नांगलोई स्टेशन प्रस्तावित है.

सेंट्रल सेक्रेट्रिएट- किशनगढ़

यह मुख्य रूप से मौजूदा वॉयलेट लाइन का विस्तार होगा जो दक्षिणी दिल्ली के घनी आबादी वाले और वीआईपी क्षेत्रों को जोड़ेगा. यह वसंत कुंज और किशनगढ़ के निवासियों को सीधे लुटियंस दिल्ली और पुराने शहर से जोड़ेगा. लगभग 16 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सेंट्रल सेक्रेट्रिएट, खान मार्केट, लोधी रोड, एम्स/ सफदरजंग, आरके पुरम, मुनिरका और किशनगढ़ (वसंत कुंज के पास) स्टेशन प्रस्तावित है.

समयपुर बादली- नरेला

यह येलो लाइन का विस्तार है, जो उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सबसे बड़े औद्योगिक और आवासीय हब ‘नरेला’ को राजधानी के केंद्र से जोड़ेगा. नरेला में बन रहे नए एजुकेशन हब और DDA के फ्लैट्स के लिए यह कॉरिडोर गेम- चेंजर साबित होगा. लगभग 13 किलोमीटर लंबे इस रूट पर समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर- 18, सिरसपुर, खेड़ा कलां, नरेला सेक्टर- 5, नरेला अनाज मंडी और नरेला टर्मिनल स्टेशन प्रस्तावित है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में ई- रिक्शा का सफर हुआ महंगा, फटाफट जानें क्या होगा नया किराया

कीर्ति नगर- पालम

लगभग 10 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर पश्चिमी दिल्ली के दो बड़े कमर्शियल सेंटर्स को सीधे जोड़ने का काम करेगा. इससे रिंग रोड से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी और ब्लू लाइन (कीर्ति नगर) को मैजेंटा लाइन (पालम) से एक नया लिंक प्रदान करेगा. इस रूट पर कीर्ति नगर, मायापुरी, हरि नगर, दिल्ली कैंट, सागरपुर और पालम स्टेशन प्रस्तावित है.

जोरबाग- साकेत G ब्लॉक

यह कॉरिडोर दक्षिणी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेगा जिसके बाद लोगों को जोरबाग (येलो लाइन ) से साकेत के भीतरी इलाकों तक सफर करने के लिए ऑटो पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. 17 किलोमीटर लंबे इस रूट पर जोरबाग, मालवीय नगर, साकेत, पुष्प विहार और साकेत G ब्लॉक स्टेशन प्रस्तावित है. विस्तृत एलाइनमेंट के अनुसार इसमें अंबेडकर नगर और देवली के क्षेत्र भी शामिल हो सकते हैं.

शास्त्री पार्क- मयूर विहार Phase- 3

यह पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बीच एक महत्वपूर्ण क्रॉस- सेक्शन कॉरिडोर होगा. यह कोंडली और मयूर विहार Phase- 3 की घनी आबादी को सीधे शास्त्री पार्क और कश्मीरी गेट की ओर जाने के लिए छोटे रास्ते की सुविधा प्रदान करेगा. 13.2 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर शास्त्री पार्क (रेड लाइन), गांधी नगर, गीता कॉलोनी, पटपड़गंज, मयूर विहार Phase- 1 और मयूर विहार Phase-3 स्टेशन प्रस्तावित है.

केशवपुरम- रोहिणी सेक्टर 34

यह कॉरिडोर रोहिणी के सबसे बाहरी क्षेत्रों को मेट्रो की रेड लाइन से कनेक्ट करेगा. 16.29 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर केशवपुरम, वजीरपुर, पीतमपुरा, रोहिणी सेक्टर- 16, रोहिणी सेक्टर- 24 और रोहिणी सेक्टर- 34 स्टेशन प्रस्तावित है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.