चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत टीचर्स और कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में ये अपने परिवार संग धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा का लाभ उठा सकें इसके लिए शिक्षा विभाग ने अवकाश यात्रा रियायत (LTC) के रूप में 104.51 करोड़ रुपए की बजट राशि जारी कर दी है.

माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026- 27 के लिए LTC जारी करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि आवंटित राशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाए.
शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
इन निर्देशों में कहा गया है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता से बचने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे बजट का समयबद्ध और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करें. यदि किसी जिले में अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होती है तो उसका प्रस्ताव उचित माध्यम से भेजा जाए. अनावश्यक खर्च या बजट राशि का दुरुपयोग पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
हिसार को मिला सबसे ज्यादा बजट
माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी LTC के रूप में सबसे ज्यादा धनराशि हिसार जिले को (8.07 करोड़) जारी हुएं हैं. इसके बाद सोनीपत, भिवानी, जींद और गुरुग्राम को 6 करोड़ से ज्यादा धनराशि मिली है. वहीं, चरखी दादरी को सबसे कम 2.70 करोड़ रुपए LTC राशि मिली है.
LTC से सरकारी स्कूलों में कार्यरत टीचर और कर्मचारी ग्रीष्मकालीन अवकाश में अपने परिवार संग सैर- सपाटे पर जा सकेंगे. उन्हें अपने परिवार के साथ निर्धारित अवधि में यात्रा करनी होगी और सरकार द्वारा निर्धारित नियमानुसार खर्च की प्रतिपूर्ति प्राप्त कर सकते हैं- सतपाल संधु, प्रदेशाध्यक्ष, हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन