दिल्ली- NCR में पहली बार किसी हाइवे पर बनेगी दूसरी सर्विस रोड, इन शहरों के लिए सफर होगा सुहाना

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा द्वारका से अलीपुर के बीच अर्बन एक्सटेंशन रोड- 2 (UER- 2) पर पहले से बनी सिक्स लेन की सर्विस रोड़ के समानांतर दोनों तरफ दो- दो लेन की दूसरी सर्विस रोड़ बनाने की योजना बनाई गई है.

Highway Road 1

हाइवे पर बनेगी दूसरी सर्विस रोड

दिल्ली- NCR में यह पहली बार होगा कि किसी हाइवे पर एक नहीं बल्कि दो सर्विस रोड़ होगी. दूसरी सर्विस रोड़ को आसपास के इलाकों के पहुंच मार्गों से जोड़ा जाएगा, जिससे इन इलाकों के लोगों को अपने घर तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

वर्तमान में UER-2 और उसकी पहली सर्विस रोड़ पर पहुंचने के लिए सीमित कट दिए गए हैं. इससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका इस्तेमाल करने में मुश्किल झेलनी पड़ती है क्योंकि उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. ऐसे में नई सर्विस रोड़ के निर्माण से UER-2 का इस्तेमाल करने वाले बहादुरगढ़ और सोनीपत के लोगों की इन क्षेत्रों में पहुंच आसान हो जाएगी.

इन इलाकों को मिलेगा फायदा

अलीपुर से द्वारका के बीच 38 किलोमीटर लंबी इस सर्विस रोड़ का निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा. इसके बनने से मुंडका, बक्करवाला, रानी खेड़ा, रसूलपुर, मदनपुर डबास, कराला, मोहम्मदपुर माजरी, हिरन कूदना, नीलवाल, घेवरा और बंकोली के लोगों के लिए एक तरफ बहादुरगढ़, सोनीपत, गुरुग्राम और दूसरी ओर गाजियाबाद तक आवागमन सुगम हो जाएगा.

कई एक्सप्रेसवे को आपस में जाएगा जोड़ा

दिल्ली- कटरा एक्सप्रेसवे को 17.03 किलोमीटर एलिवेटेड रोड के जरिए UER- 2 से जोड़ा जाएगा. इसे हरियाणा के झज्जर जिले के निलौठी गांव से लडरावन, पंजाब खोर, जोंटी, कराला होते हुए रोहिणी सेक्टर- 38 के पास UER-2 से कनेक्ट किया जाएगा. इसके निर्माण से दिल्ली- कटड़ा एक्सप्रेसवे से सीधे दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे. UER- 2 को अलीपुर से विस्तार देकर 17 किलोमीटर रोड के जरिए गाजियाबाद के मंडोला पर दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.