हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रेलवे ने दक्षिण भारत तक ट्रेन के जरिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करते हुए काकिनाडा टाउन- हिसार- काकिनाडा टाउन स्पेशल ट्रेन का नए नंबरों के साथ नियमित ट्रेन के संचालन के फैसले को हरी झंडी दिखा दी है.

यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 17295, काकिनाडा टाउन- हिसार साप्ताहिक ट्रेन 12 मई से काकिनाडा टाउन से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 05.40 बजे रवाना होकर वीरवार की दोपहर 01.35 बजे हिसार पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 17296, हिसार- काकिनाडा टाउन साप्ताहिक ट्रेन 15 मई से हिसार रेलवे स्टेशन से प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 02.10 बजे रवाना होकर रविवार रात साढ़े नौ काकिनाडा टाउन पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सामलकोट, राजमुद्री, ताडेपल्लीगुडेम, एलुरू, विजयवाडा, गुंटूर, मिर्यालगुडा, नल्लगोंडा, चर्लपल्ली, मेडचल, कामारेड्डी, निजामाबाद, बासर, धर्माबाद, नान्देड, पूर्णा, बसमत, हिंगोली डेक्कन, वाशिम, अकोला, शेगांव, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, धरणगांव, अमलनेर, नंदूरबार, उधना, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौडगढ, भीलवाडा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ, फुलेरा, रींगस, सीकर, नवलगढ, झुंझुनूं, चिडावा, लोहारू और सादुलपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
इस ट्रेन में कुल 24 डिब्बे होंगे, जिनमें 02 फर्स्ट कम सेकंड एसी, 03 सेकंड एसी, 05 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं. हिसार से सीधी दक्षिण भारत तक इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. वहीं, हिसार से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी एक और अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी.