फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि फरीदाबाद के सेक्टर 22 और संजय कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द छुटकारा मिलने वाला है. नगर निगम ने करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से नई 36 इंच की सीवर लाइन डालने का काम शुरू कर दिया है. इस परियोजना से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.

लंबे समय से कीचड़ एवं गंदी बदबू का समाधान
इन इलाकों में बारिश के मौसम के दौरान सीवर ओवरफ्लो की समस्या गंभीर बनी हुई थी. कई जगहों पर गंदा पानी सड़कों और घरों तक पहुंच जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी. यहां के लोगों का कहना है कि कई बार बदबू और जलभराव के कारण आवाजाही तक मुश्किल हो जाती थी.
सेक्टर 22 और संजय कालोनी के निवासियों ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या के चलते यहां रहना दुश्वार हो चुका था. हर समय गंदी बदबू से जूझना पड़ रहा था जिससे स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां होने का अंदेशा बना रहता था. देर- सवेर ही सही, अब जाकर सरकार ने सुध ली है और नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी हो रही है जिससे लोगों को इन समस्याओं से राहत पहुंचेगी.
36 इंच की बनेगी नई लाइन
परियोजना के अनुसार, 36 इंच व्यास की नई सीवर पाइपलाइन डाली जा रही है. इससे गंदे पानी की निकासी क्षमता बढ़ेगी और ओवर फ्लो की घटनाओं में कमी आएगी. नगर निगर अधिकारियों का कहना है कि नई लाइन शुरू होने के बाद संजय कॉलोनी, सेक्टर 22 और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी.