चरखी दादरी | हरियाणा परिवहन विभाग की बसें जो अपनी शानदार सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते आमजन की पहली पसंद बनी हुई है, एक बार फिर सुर्खियों में छाई हुई है. एक ऐसा वाकया सामने आया है जिससे हरियाणा रोडवेज की बस सेवा अब देश ही नहीं बल्कि विदेशियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई है.

विदेशी सैलानी को भाया रोडवेज का सफर
पूरा वाकया एक विदेशी महिला पर्यटक कनाडा की मैरी से जुड़ा हुआ है. उन्होंने चरखी दादरी रोडवेज डिपो की बस में राजस्थान के झुंझुनूं से नई दिल्ली तक का सफर तय किया था. इस दौरान उन्होंने रोडवेज स्टाफ और बस की सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे भारत देश की सबसे बेहतरीन बस सेवा करार दिया.
बताया सुखद अनुभव
भारत भ्रमण पर आईं कनाडा की मैरी ने शुक्रवार को राजस्थान के झुंझुनू से हरियाणा रोडवेज के चरखी दादरी डिपो की बस में नई दिल्ली तक का सफर तय किया. बस कंडक्टर संदीप शर्मा ने बताया कि बस सुबह 10 बजे झुंझुनू से रवाना होकर शाम साढ़े 4 बजे दिल्ली ISBT कश्मीरी गेट पर पहुंची. उन्होंने जब विदेशी पर्यटक से हरियाणा रोडवेज की बस में यात्रा के उनके अनुभव के बारे में बातचीत की तो उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस में सफर करना उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा. इस सफर की उन्होंने जमकर सराहना करते हुए कहा कि वो बार-बार हरियाणा रोडवेज बस में यात्रा करना पसंद करेंगी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कंडक्टर संदीप शर्मा का विदेशी महिला पर्यटक मैरी के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. एक ही दिन में लाखों लोग इसे देख चुके हैं. इस वीडियो में कनाडाई महिला मैरी कह रही है कि यह सफर उनके लिए बेहद सुखद और आरामदायक रहा. उन्होंने रोडवेज स्टाफ की मित्रवत सेवा की तारीफ करते हुए कहा कि भारत में जितने भी सार्वजनिक परिवहन का उन्होंने उपयोग किया, उनमें हरियाणा रोडवेज की बस उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आई. उन्हें आगे जब भी मौका मिलेगा, वो हरियाणा रोडवेज बस की सवारी करना पसंद करेंगी.