नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों के सफर को आरामदायक बनाया जा सके. इसी कड़ी में मेन छतरपुर के साथ ही मंदिर और फार्म हाउस एरिया से ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए यहां एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की योजना बनाई गई है.
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बताया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर की फिजिबिलिटी स्टडी पूरी कर ली गई है और अब इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए कैबिनेट के सामने रखा जाएगा. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 100 फुटा रोड पर DLF कट से लालबत्ती तक ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए Y शेप में फ्लाईओवर का निर्माण आवश्यक है. अणुव्रत मार्ग पर लालबत्ती से DLF कट तक 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर निर्माण का सुझाव दिया गया है.
गुरुग्राम को देती है कनेक्टिविटी
संत श्री बाबा नागपाल जी मार्ग यानी 100 फुटा रोड पर खासकर पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. यह सड़क दिल्ली के इन इलाकों को गुरुग्राम से कनेक्टिविटी प्रदान करती है. सर्वे रिपोर्ट में सामने आया है कि इस सड़क मार्ग पर पीक आवर्स के दौरान बड़े वाहनों और ऑटो- रिक्शा की वजह से ट्रैफिक जाम उत्पन्न होता है. ऐसे में यदि Y जंक्शन पर फ्लाईओवर निर्माण किया जाता है तो अनुव्रत रोड से असोला भाटी की ओर ट्रैफिक संचालन की आवाजाही सुगम हो जाएगी.
छतरपुर मंदिर की ओर से आने वाली सड़क से भी ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने में मदद मिलेगी. इस रिपोर्ट में फ्लाईओवर निर्माण के अलावा पैदल यात्रियों के लिए कुछ जगहों पर फुटओवर ब्रिज बनाने का भी प्रस्ताव दिया गया है. PWD ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए डिटेल स्टडी की सिफारिश की है.
इस वजह से लगता जाम
मंगलवार और शनिवार को छतरपुर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ 100 फुटा रोड पर ट्रैफिक जाम को न्यौता देती है. इसके अलावा सत्संग के आयोजन के दौरान भी हजारों लोग इसी रोड से राधा- स्वामी मंदिर, राज- राजे मंदिर और दूसरे मंदिरों में जाते हैं जो ट्रैफिक जाम की वजह बनता है.
मेन छतरपुर में स्थित फार्म हाउसों में विवाह और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है. शादी- ब्याह के सीजन में इस सड़क मार्ग पर 24 घंटे ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. ऐसे में यहां फ्लाईओवर निर्माण की बेहद जरूरत है ताकि आमजन को ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके.
