नई दिल्ली | भारतीय रेलवे के लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि रेलवे बोर्ड ने इन कर्मचारियों को मंहगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर इस बढ़ोतरी को लागू कर दिया है.

यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. इसका मतलब यह हुआ कि कर्मचारियों को 4 महीने का एरियर भी मिलेगा. इस बढ़ोतरी के बाद अब DA 58% से बढ़कर 60% हो गया है.
लाखों कर्मचारियों को मिली बड़ी खुशखबरी
DA- DR में बढ़ोतरी का लाभ सभी कार्यरत रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को मिलेगा जो सातवें वेतन आयोग के तहत कार्यरत हैं. ऐसे में उम्मीद है कि मई महीने की सैलरी और पेंशन में बढ़ी हुई दरें और बकाया राशि जुड़कर आएगी, जिससे कर्मचारियों के साथ में आने वाली सैलरी बढ़ जाएगी.
बता दें कि भारतीय रेलवे देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में से एक है. महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी के फैसले से करीब 12 लाख कर्मचारी और पेंशनर्स लाभान्वित होंगे. इससे उनकी सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी हो जाएगी. महंगाई के इस दौर में मध्यमवर्गीय परिवारों को वित्तीय राहत मिलेगी.
साल में 2 बार होती है बढ़ोतरी
महंगाई भत्ते में हर साल दो बार, पहला 1 जनवरी से और दूसरा 1 जुलाई से, संशोधन किया जाता है. महंगाई भत्ते में संशोधन ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आंकड़ों के आधार पर किया जाता है ताकि निरंतर बढ़ती मंहगाई से कर्मचारियों को राहत मिल सके. रेलवे बोर्ड के इस फैसले पर कर्मचारियों और पेंशनर्स ने खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया है.