नई दिल्ली | चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे आमजन को मंहगाई का एक और जोरदार झटका लगा है. बता दें कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. इन कंपनियों का कहना है कि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा था जिसके चलते कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है.

महंगा हुआ पेट्रोल- डीजल
सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3- 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है. दिल्ली में अब पेट्रोल की नई कीमत 97.77 रुपए हो गई है जबकि पहले यह 94.77 रुपए का मिलता था. वहीं, दिल्ली में डीजल की नई कीमत 90.67 रुपए हो गई है जबकि पहले यह कीमत 87.67 रुपए थी. नई कीमतें 15 मई यानि आज से प्रभावी हो गई है.
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उतार- चढ़ाव बताई गई है. खाड़ी देशों में तनाव के चलते पहले जो क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल थे, वो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल हो गए हैं. क्रूड की कीमतों में बढ़ोतरी से तेल कंपनियों पर दबाव बना हुआ था, इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है. यदि क्रूड ऑयल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
प्रमुख शहरों में नई कीमतें
- चंडीगढ़ में पेट्रोल की नई कीमत 94.24 रुपए और डीजल 82.40 रुपए प्रति लीटर.
- जयपुर में पेट्रोल 104.72 रुपए और डीजल 90.21 रुपए प्रति लीटर.
- मुंबई में पेट्रोल 103.50 रुपए और डीजल 90.03 रुपए प्रति लीटर.
- कोलकाता में पेट्रोल 103.94 रुपए और डीजल 90.76 रुपए प्रति लीटर.
- भोपाल में पेट्रोल 106.52 रुपए और डीजल 91.89 रुपए प्रति लीटर.