चंडीगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में परिवहन मंत्री अनिल विज ने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि रोडवेज बेड़े में 1 हजार नई बसें शामिल होंगी जिनमें से 500 इलेक्ट्रिक बसें होगी.

ट्रेन की तर्ज पर मिलेगी यह सुविधा
उन्होंने बताया कि एक नई मोबाइल ऐप्लिकेशन लांच की जाएगी जिसकी मदद से लोगों ट्रेनों की तर्ज पर लाइव लोकेशन और टाइमिंग की सटीक जानकारी मिल सकेगी. इसके लिए परिवहन विभाग में तकनीकी रूप से मजबूत निगरानी सिस्टम लागू किया जाएगा. यदि कोई ड्राइवर गलती से दूसरे रूट पर बस ले गया तो तुरंत अलर्ट मिलेगा.
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि रोडवेज विभाग की सभी बसों में अत्याधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी. इसके लिए एक मोबाइल ऐप्लिकेशन विकसित होगी. इस नए सिस्टम का ट्रायल वे खुद देख चुके हैं और जल्द ही इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसी एक जिले में शुरू किया जाएगा.
पर्यावरण के लिए फायदेमंद
कैबिनेट मंत्री विज ने बताया कि शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां यात्रियों को आरामदायक और किफायती दरों पर सफर करने का मौका मिलेगा तो वहीं दूसरी ओर यह बसें पर्यावरण अनुकूल रहेगी. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में पर्यावरण प्रदुषण से छुटकारा मिलेगा. यात्रियों को ऑटो– टैक्सी के महंगे किराए से निजात मिलेगी.