दिल्ली | उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बद्रीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के हित में एक सराहनीय फैसला लेते हुए उन्हें बड़ी राहत प्रदान करने का काम किया है. मंदिर समिति के इस फैसले से उनके लिए चारधाम की यात्रा करना आरामदायक हो जाएगा.

मंदिर समिति का सराहनीय फैसला
बद्रीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ने 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गो और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन सुविधा प्रदान कराने का फैसला लिया है. अब इस नई व्यवस्था के तहत उन्हें घंटों लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए मंदिर समिति ने सुबह-शाम अलग-अलग विशेष दर्शन स्लॉट तय किए हैं.
मंदिर समिति के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा. वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड और दिव्यांग श्रद्धालुओं को अपना सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य होगा ताकि सत्यापन के बाद विशेष दर्शन पास जारी किया जा सकें. उन्होंने बताया कि यह पहल बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है.
उत्तराखंड में पवित्र चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ 20 अप्रैल से शुरू हो चुका है. अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए थे. श्रद्धालुओं के बीच इस यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह. केदारनाथ, बद्रीनाथ से लेकर यमुनोत्री और गंगोत्री तक में श्रद्धालुओं का तांता हर दिन लग रहा है. देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जिसके चलते चारों धामों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है.
पहले ही करें बुकिंग
चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है. आप ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीके से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. बिना रजिस्ट्रेशन के आप चारधाम यात्रा नहीं कर सकते हैं.