हिसार | हरियाणा के हिसार शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने और इसे आधुनिक स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई है. शुक्रवार को लघु सचिवालय में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर गठित विशेष समिति की चौथी बैठक में PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शहर की प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने से लेकर नए स्लिप रोड और रोटरी बनाने की परियोजनाओं पर अब ग्राउंड पर काम शुरू होगा.

इन परियोजनाओं पर लगी मुहर
- लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक के मुख्य मार्ग को सिक्स लेन करने की बाधाएं दूर हो गई हैं लगभग सभी विभागों से एनओसी मिल चुकी है और बजट मिलते ही काम शुरू होगा.
- राजगढ़ रोड राजकीय कॉलेज के सामने सिंचाई विभाग के नाले के साथ वाली खाली जमीन पर सड़क बनाई जाएगी. इसका विस्तार कैमरी रोड से तोशाम रोड तक होगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा.
- सबसे व्यस्त डाबड़ा जंक्शन के निर्माण के लिए टेंडर तैयार कर लिया गया है और जल्द ही काम शुरू होगा.
- तुलसी चौक, सेक्टर- 14 एंट्री प्वॉइंट, सुशीला भवन स्कूल और बस अड्डे का स्लिप रोड बनेगा. GJU से बस स्टैंड की ओर आने वाली स्लिप रोड का टेंडर शनिवार को खुलेगा.
- शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने और ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए जिंदल चौक और 9/11 चौक पर रोटरी बनाई जाएगी. तलाकी गेट के पास लगे अनुपयोगी फुटओवर ब्रिज को हटाने के लिए दोबारा टेंडर के निर्देश दिए गए हैं.
- शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की कवायद में सेक्टर- 14, सेक्टर- 14 पार्ट- टू व सेक्टर- 33 के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. अब सेक्टर- 14 को सिरसा चुंगी के माध्यम से 45 मीटर चौड़े तीसरे रोड की नई कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे यातायात सुगम बनाने में मदद मिलेगी.
नए स्वरूप में दिखेगा ITI चौक
- 5 रास्तों वाले ITI चौक को जोड़कर रिंग चौक के रूप में विकसित किया जाएगा.
- सिरसा चुंगी से क्लॉथ मार्केट तक सड़क को सिक्स लेन बनाया जाएगा तथा सभी बिजली की तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा.
- जहाज पुल चौक का आकार छोटा कर उसकी रीमॉडलिंग की जाएगी.
हमारा लक्ष्य हिसार को आधुनिक और सुगम यातायात वाला शहर बनाना है. बेहतर सड़कें विकास की नींव होती हैं. अधिकारियों को स्पष्ट कह दिया गया है कि सभी कार्य निर्धारित समय- सीमा में पूरे हों और जनता को जल्द से जल्द राहत मिले- रणबीर गंगवा, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार