चंडीगढ़ | हरियाणा सहित देशभर में महंगाई की मार के साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3- 3 रुपए की बढ़ोतरी ने कई चीजों के दाम बढ़ाने की संभावना व्यक्त कर दी है जिससे आमजन को मंहगाई की भयंकर मार झेलनी होगी. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से माल ढुलाई करना महंगा हो जाएगा जिसका सीधा असर फल-सब्जियों सहित कई अन्य रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी पर पड़ेगा.

ट्रांसपोर्ट करना होगा महंगा
फलों और सब्जियों की एक राज्य से दूसरे राज्य और मंडियों में ढुलाई के लिए ट्रकों का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से ट्रांसपोर्ट महंगा हो जाएगा. प्रति किलोमीटर लागत बढ़ने का सीधा असर फलों और सब्जियों सहित अन्य चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी पर पड़ेगा.
यहीं वजह है कि सेब, अनार, आम और केला जैसे फल आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहे हैं. इनकी कीमतों में रोजाना तेजी दर्ज हो रही है. केला और आम के भाव 10 रुपए प्रति किलोग्राम तक बढ़ चुके हैं. वहीं, कुछ दिन पहले तक सेब और अनार का भाव 200 रुपए प्रति किलो था लेकिन अब बढ़कर 250 के पार जा चुका है. मौसमी के भाव में 20 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. तरबूज भी 10 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो गया है.
मंडियों में पसरा सन्नाटा
आमजन के लिए राहत भरी खबर यह है कि सब्जियों की कीमतों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिल रही है. मंडी में फल बेचने वाले एक विक्रेता ने बताया कि भाव बढ़ने पर लोगों के आगमन में बड़ा फर्क आया है. पहले लोग जरूरत के हिसाब से फल खरीदते थे लेकिन अब भाव में बढ़ोतरी से मंडियों में सन्नाटा पसरा हुआ है. गिने- चुने लोग ही फल खरीद रहे हैं. इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है जिससे व्यापारियों में निराशा का माहौल बना हुआ है.लोगों ने सरकार से मांग की कि पेट्रोल- डीजल के दाम कम किए जाएं ताकि महंगाई पर नियंत्रण हो सके.