फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रविवार को सेक्टर 7 स्थित जनकल्याण मंदिर में कई विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शहरवासियों के साथ एक बड़ी जानकारी साझा की.

मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की सौगात
जनसभा को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने बताया कि सेक्टर 8 में सरकारी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए सीएम नायब सैनी ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इस बहुमंजिला अस्पताल में मरीजों को आधुनिक तकनीक से लैस नई सुविधाओं का लाभ मिलेगा. अब इसके भवन निर्माण को लेकर कागजी कार्रवाई शुरू होगी. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों आयोजित हुई धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष अनेक मांगे रखी गई थी जिसमें अस्पताल का निर्माण भी शामिल था. उन्होंने सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा की थी. फिलहाल, इन घोषणाओं पर अमल शुरू हो गया है.
जच्चा- बच्चा अस्पताल की मिलेगी सौगात
उन्होंने बताया कि बीके अस्पताल में 161 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणधीन सात मंजिला 200 बेड के जच्चा-बच्चा अस्पताल का लगभग 35% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इसका निर्माण कार्य अगले साल के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस अस्पताल के बनने के बाद बीके अस्पताल की क्षमता बढ़कर 400 बेड हो जाएगी. इसके बाद, गंभीर अवस्था में उपचार के लिए आने वाले जच्चा- बच्चा को दिल्ली रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें यहीं पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.
राजस्व मंत्री गोयल ने बताया कि शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सेक्टर 7, 8 और 10 के चौक पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है. इसके अलावा, सेक्टर 7 के स्कूल परिसर में हॉकी प्रैक्टिस पिच बनाने का काम किया जाएगा. इस योजना पर करीब 4 करोड़ रुपए खर्च होंगे.