गुरुग्राम | मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) ने शहर में पेयजल आपूर्ति को बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाया है. इसके तहत चंदू- बुढेरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की 5वीं यूनिट तैयार की जा रही है, जिससे शहर में पानी की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है.

100 MLD बढ़ेगी पानी सप्लाई क्षमता
GMDA अधिकारियों का कहना है कि चंदू- बुढेरा प्लांट की नई यूनिट 100 MLD (मिलियन लीटर प्रतिदिन) अधिक पानी उपलब्ध कराएगी. इसके शुरू होने के बाद गुरुग्राम की कुल जल आपूर्ति क्षमता 670 MLD से बढ़कर 770 MLD हो जाएगी. इससे लाखों लोगों को भूमिगत पेयजल या टैंकरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, क्योंकि यहां हर साल गर्मियों में जल संकट बढ़ जाता है.
इससे पहले GMDA द्वारा मई 2025 में चंदू प्लांट की चौथी यूनिट का शुभारंभ किया था, जिससे लोगों को काफी हद तक जल संकट से राहत मिली थी. GMDA अधिकारियो का कहना है कि चंदू- बुढेरा वाटर प्लांट का कार्य लगातार जारी है. जल्द ही, इसे शुरू किया जाएगा ताकि बढ़ती आबादी के लिए जलापूर्ति बेहतर हो सके.
लाखों लोगों को होगा फायदा
गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए पानी की मांग लगातार बढ़ रही है. GMDA अधिकारियों का मानना है कि नई यूनिट के शुरू होने से भूजल दोहन कम होगा और टैंकरों की जरूरत भी घटेगी. इससे गुरुग्राम के कई नए और पुराने सेक्टरों में पानी की सप्लाई बेहतर होगा. कई क्षेत्रों में अभी कम प्रेशर, अनियमित सप्लाई और बोरवोल पर निर्भरता जैसी समस्याएं है.