चंडीगढ़ | रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. गर्मी की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़- भाड़ और नियमित ट्रेनों से यात्री दबाव कम करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा देश के कई प्रमुख रूटों पर समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा सके. इसी कड़ी में उत्तर रेलवे ने धनबाद से चंडीगढ़ के बीच द्विसाप्ताहिक समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की घोषणा की है.

धनबाद- चंडीगढ़ समर स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 03311, धनबाद- चंडीगढ़ समर स्पेशल ट्रेन 24 मई से 12 जुलाई तक हर रविवार और वीरवार को धनबाद से रात 11.45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 01.55 बजे लखनऊ, रात 11 बजे दिल्ली और सुबह 03.05 बजे अंबाला कैंट पहुंचते हुए सुबह साढ़े 4 बजे चंडीगढ़ आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 03312, चंडीगढ़- धनबाद समर स्पेशल ट्रेन 26 मई से 14 जुलाई तक हर मंगलवार और शनिवार को चंडीगढ़ से सुबह 05.40 बजे रवाना होकर 06.25 बजे अंबाला कैंट, सुबह सवा 10 बजे दिल्ली और शाम 07.10 बजे लखनऊ पहुंचते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे धनबाद पहुंच जाएगी.
हरियाणा में इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन का बिहार, झारखंड, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों को फायदा पहुंचेगा. हरियाणा के कई जिलों के यात्रियों को दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. इस ट्रेन के संचालन से हावड़ा से चंडीगढ़ होकर कालका जाने वाले नेताजी एक्सप्रेस के यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा, जिससे गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करना आसान होगा. इस ट्रेन में चार जनरल, 10 स्लीपर, तीन थर्ड एसी, एक सेकंड एसी और दो एसएलआरडी कोच की सुविधा मिलेगी.
यह ट्रेन दिल्ली होकर गोमो, गया, वाराणसी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी. वहीं, दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच पानीपत और अंबाला कैंट में भी ठहराव रहेगा.
कंफर्म टिकट मिलना होगा आसान
अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों के चलते ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़-भाड़ का बोलबाला रहता है. ऐसे में इस ट्रेन के ऑन डिमांड संचालन से यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट हासिल करना आसान हो जाएगा. इस ट्रेन की बुकिंग रेलवे काउंटर और IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है.