नई दिल्ली | यदि आप भी इस रविवार यानी 24 मई को दिल्ली की सड़कों पर सफर करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर बताया है कि लालकिला और उसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक संचालन गंभीर रूप से प्रभावित रहेगा. यहां रविवार को लालकिला पर ‘जनजाति सांस्कृतिक समागम’ कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे.

‘जनजाति जागृति समिति’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली के अलग- अलग हिस्सों से भव्य ‘शोभा यात्राएं’ निकाली जाएंगी. ये यात्राएं श्यामगिरी मंदिर, रामलीला मैदान, राजघाट, कुदसिया पार्क और अजमेरी गेट से शुरू होकर लाल किला की तरफ बढ़ेंगी. इस वजह से रविवार को सड़कों पर भारी भीड़ और VIP मूवमेंट देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों से आग्रह किया गया है कि वे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकले और जहां तक संभव हो, मेट्रो से यात्रा को प्राथमिकता दें.
इन रास्तों पर रहेगी कड़ी पाबंदी और डायवर्जन
- जीटी करनाल रोड: शास्त्री पार्क से तीस हजारी तक
- बुलेवार्ड रोड: खोया मंडी यू- टर्न से युधिष्ठिर सेतु के नीचे रिंग रोड तक.
- प्रमुख मार्ग: शाम नाथ मार्ग, लोथियन रोड, हैमिल्टन रोड (पुल डफरिन से केला घाट)
- लाल किला और पुरानी दिल्ली के रास्ते: श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट चौक से छत्ता रेल तक दोनों तरफ)
- मध्य दिल्ली के रास्ते: जवाहरलाल नेहरू मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट चौक), और निषाद राज मार्ग.
- अन्य प्रभावित इलाके: राजपुरा रोड, रिंग रोड, सलीमगढ़ बाईपास (चंदगीराम अखाड़ा से आईपी फ्लाईओवर), आईटीओ चौक, बीएसजे मार्ग, डीडीयू मार्ग, मिंटो रोड, श्रद्धानंद मार्ग, चावड़ी बाजार रोड और देशबंधु गुप्ता मार्ग.
इन सड़कों पर बसों की एंट्री पर रोक
- दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक: रंजीत सिंह फ्लाईओवर और रंजीत सिंह मार्ग पर बसों और व्यावसायिक गाड़ियों की एंट्री बंद रहेगी. इन्हें आइटीओ और आइपी मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
- दोपहर 12 से रात 3 बजे तक: दिल्ली गेट चौक से लाल किला और राजघाट की तरफ जाने वाले ट्रैफिक पर सख्त पाबंदी रहेगी.
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
- ISBT कश्मीरी गेट बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों को युधिष्ठिर सेतु के नीचे वाले रिंग रोड का इस्तेमाल करना होगा.
- पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले रानी झांसी फ्लाईओवर- मोरी गेट- पुल डफरिन वाले रास्ते का इस्तेमाल करें.
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (अजमेरी गेट साइड) जाने वाले देशबंधु गुप्ता रोड की बजाय पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड या भभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं.