नई दिल्ली | अभी लोग नींद से जागे भी नहीं थे कि तेल कंपनियों ने आमजन को मंहगाई का एक और जोरदार झटका दे दिया है. बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी हो गई है. पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल तीसरी बार महंगा हुआ है. पहले ही चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे लोगों की अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कमर तोड रही है.

महंगा हुआ पेट्रोल- डीजल
सरकारी तेल कंपनियों ने आज फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर आमजन को मंहगाई का जोरदार झापड़ रसीद किया है. आज 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. ईंधन की लगातार बढ़ रही कीमतों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि पेट्रोल और डीजल महंगा होगा तो इसका सीधा असर परिवहन पर पड़ेगा जिससे फल-सब्जियां, दूध और अन्य जरूरत की चीजों के दाम बढ़ जाएंगे.
इस वजह से बढ़ी कीमतें
खाड़ी देशों में जारी तनाव के चलते इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है. इसके चलते तेल सप्लाई प्रभावित हुई है जिसका सीधा असर भारत जैसे देश पर पड़ा है जो बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करता है. तेल कंपनियों का कहना है कि यदि इसी तरह कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होती रही तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होती रहेगी.
इस महीने यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इस सप्ताह की शुरुआत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी जबकि इससे कुछ दिन पहले ही 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी. इस बढ़ोतरी के बाद आज राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की नई कीमत 99.51 रुपए और डीजल की नई कीमत 92.49 रुपए प्रति लीटर हो गई है.