चंडीगढ़ | हरियाणा में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने दिव्यांग व्यक्तियों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में फ्री यात्रा सुविधा लागू कर दी है. प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद अब 40% से 99% तक दिव्यांगता वाले हरियाणा निवासी रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे. यह सुविधा हरियाणा के साथ- साथ दिल्ली और चंडीगढ़ रूट पर भी लागू होगी.

परिवहन विभाग ने जारी की अधिसूचना
परिवहन विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है. अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर बुंडरू ने रोडवेज महानिदेशक को निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से लागू करने को कहा है. सरकार ने यह फैसला वित्त विभाग की मंजूरी के बाद लिया है.
दिखाना होगा UDID कार्ड
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा केवल हरियाणा के स्थायी दिव्यांग निवासियों को ही मिलेगी. इसके लिए यात्रियों के पास यूनिक दिव्यांग पहचान- पत्र (UDID) कार्ड होना जरूरी है और यात्रा के दौरान कंडक्टर के मांगने पर यह कार्ड दिखाना अनिवार्य रहेगा. प्रदेश सरकार के इस फैसले से खासतौर पर दिव्यांग स्टूडेंट्स और रोजमर्रा के कार्यों के लिए बसों में आवागमन करने वालों को बड़ी राहत पहुंचेगी.
सरकार ने पहले से लागू उस व्यवस्था को भी जारी रखा है, जिसके तहत 100% दिव्यांग व्यक्ति के साथ यात्रा करने वाले एक सहायक या अटेंडेंट को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी. दिव्यांगजन संगठनों ने सैनी सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक संवेदनशीलता और आर्थिक राहत की दिशा में बड़ा कदम बताया है.