हरियाणा के 4 जिलों में खुलेंगे नए पॉलिटेक्निक कॉलेज, AI- EV जैसे हाईटेक कोर्स होंगे शुरू

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाया है. बता दें कि सरकार द्वारा पानीपत, पटौदी, नारायणगढ़ और कनीना में 4 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी है. इसके लिए सरकार ने सभी स्थानों पर जगहों का चुनाव कर लिया है. इससे सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार से संबंधित तकनीकी कौशल प्रदान करके उद्योगों और निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.

Job Exam Student Collage 2

आधुनिक और उद्योग आधारित कोर्सों पर फोकस

वर्तमान समय में राज्य में 38 राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज संचालित है, जहां सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर सहित अलग- अलग विषयों में डिप्लोमा शिक्षा दी जा रही है. नए पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आधुनिक तकनीक और उद्योगों की मांग के हिसाब से विषयों का चुनाव किया जाएगा. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डाटा साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, सोलर ऊर्जा, मशीन ऑटोमेशन और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग जैसे आधुनिक कोर्स शामिल होंगे. इसके अलावा विद्यार्थियों को उद्योगों से सीधे जोड़ने के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण, डिजिटल लैब, प्रैक्टिकल लर्निंग और इंटर्नशिप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.

इन जगहों पर होंगे स्थापित

  • पानीपत के कविगांव में ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 15 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है. अब तकनीकी शिक्षा विभाग जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा. इसके बाद भूमि हस्तांतरण, भवन डिजाइन और निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया की जाएगी.
  • पटौदी क्षेत्र के माऊ और लोकरी गांव में पंचायत द्वारा करीब 9 एकड़ जमीन तय की गई है. विभागीय टीम जल्द ही जगह का निरीक्षण करेगी. इसके बाद भवन योजना तैयार करने, निर्माण एजेंसी का चयन और वित्तीय मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
  • नारायगढ़ के PG कॉलेज परिसर में मानकों के अनुरूप जमीन उपलब्ध पाई गई है. यहां फिलहाल सीमांकन और माप की प्रक्रिया चल रही है. इसके पूरा होने के बाद भवन निर्माण की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएंगी.
  • महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में पंचायत द्वारा लगभग 22 एकड़ जमीन प्रदान की गई है. विभाग ने यहां भूमि हस्तांतरण, साइट निरीक्षण और भवन निर्माण का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, PPP शिकायतों के लिए शुरू हुई नई सेवा; नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.