हिसार | हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे है. इसी कड़ी में राज्य के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा आज हिसार जिले के नागरिक अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी स्टोर और मिल्क पार्लर का उद्धाटन करेंगे. इसके अलावा, स्त्री रोग OPD के पास खासतौर पर परिवार क्लीनिक स्थापित किया जाएगा.

24 घंटे मिलेगी सुविधाएं
हिसार के नागरिक अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को अब 24 घंटे दूध और दवाईयों की सुविधा मिलेगी. इस नई सुविधा का उद्देश्य मरीजों को दिन- रात जरूरी दवाइयां और दूध जैसी आवश्यक चीजें उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अस्पताल से बाहर न जाना पड़े. अमृत फार्मेसी में जनऔषधि दरों पर सस्ती दवाईयां उपलब्ध होगी, जबकि मिल्क पार्लर पर दूध, दही और अन्य डेयरी उत्पाद मिलेंगे.
समय और पैसा दोनों की बचत
नागरिक अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते है. ऐसे में यह सुविधा खासकर रात के समय मरीजों और उनके पास रहने वालों के लिए राहत भरी साबित होगी. इसके साथ ही अस्पताल परिसर में ही दोनो सेवाएं शुरू होने से समय और पैसे की बचत भी होगी. इस फार्मेसी में जहां उच्च क्वालिटी वाली जेनेरिक एवं ब्रांडेड दवाइयां, इंप्लांट्स व उपकरण किफायती और रियायती दरों पर मिलेंगे, वहीं मिल्क पार्लर में शुद्ध खाने – पीने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
इस उद्धाटन कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विधायक, मेयर सहित जिला प्रशासन अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा, हिसार के MLA सावित्री जिंदल और पूर्व विधायक डॉ. कमल गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे.