सिरसा की बेटी सविता पूनिया फिर दिखाएंगी दम, न्यूजीलैंड में होगा मुकाबला

सिरसा | हरियाणा के सिरसा जिले की रहने वाली अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित स्टार हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया अब न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित होने वाले महिला नेशंस कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगी. यह टूर्नामेंट 15 जून से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा जिसमें 5 से 6 मुकाबले खेले जाएंगे. सविता पूनिया के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि नेशंस कप में आठ देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और भारतीय महिला हॉकी टीम भी इसमें भाग लेने के लिए न्यूजीलैंड पहुंच चुकी है. परिजनों के अनुसार, सविता का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स है.

safeimagekit 1000246192.jpg

वह देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तैयारी में जुटी हुई हैं. नेशंस कप के बाद वह 24 या 25 जून तक सिरसा स्थित अपने घर पहुंचेंगी. परिवार के साथ कुछ समय बिताने के बाद वह फिर से एशियन गेम्स की तैयारियों में शामिल होंगी. इसके लिए बेंगलुरु में ट्रायल भी आयोजित किए जाएंगे.

सिरसा में हुआ जन्म

सिरसा के जोधकां गांव की रहने वाली सविता पूनिया भारतीय महिला हॉकी की सबसे अनुभवी गोलकीपरों में शामिल हैं. वह 18वें एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और एशिया की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का सम्मान भी हासिल कर चुकी हैं. टोक्यो ओलंपिक 2020 के दौरान उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें “द ग्रेट वॉल ऑफ इंडिया” के नाम से भी पहचान मिली.

बनी विजेता

सविता सिरसा जिले की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर भी रह चुकी हैं. हाल ही में हॉकी प्री लीग में उन्होंने सूरमा टीम की ओर से हिस्सा लिया था जहां पिछले सीजन में उनकी टीम विजेता बनी थी और उन्हें बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार भी मिला था. 11 जून 1990 को सिरसा के जोधकां गांव में जन्मीं सविता पूनिया के पिता महेंद्र सिंह स्वास्थ्य विभाग से फार्मासिस्ट पद से सेवानिवृत्त हैं जबकि उनकी मां लीलावती गृहिणी हैं. साल 2021 में उनकी शादी सोनीपत निवासी अंकित बल्हारा से हुई जो कनाडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.