नई दिल्ली | राजधानी की दिल्ली सरकार (Delhi Govt) की ओर से यमुना के घाटों की सफाई को लेकर आज से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित पूरी कैबिनेट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसदों और अन्य पार्टी नेताओं ने अलग- अलग 28 स्थानों पर सफाई कार्य शुरू किया. अभियान में 500 से अधिक एनजीओ के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी शामिल हुए हैं जो यमुना किनारे सफाई कार्य में सहयोग कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता से अपील की कि वे इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करें. बता दें कि सरकार ने इस पहल को यमुना सफाई यज्ञ- स्वच्छ यमुना मेरा कर्तव्य नाम दिया है.
CM गुप्ता ने की सफाई
अभियान की शुरुआत सुबह 6 बजे विभिन्न घाटों पर की गई. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी के पास पहुंचकर स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लिया और यमुना किनारे जमा कूड़ा, घास और जलकुंभी को हटाकर थैलों में एकत्र किया. इसी तरह दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी यमुना घाट पर सफाई अभियान में भाग लिया, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने यमुना बैंक क्षेत्र में सफाई कार्य किया.
रविवार की इस सुबह दिल्ली ने एक सुंदर संदेश दिया।
दिल्ली के 28 यमुना घाटों की स्वच्छता के लिए आगे आए सभी युवाओं, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों और इस अभियान से जुड़े 500 से अधिक संस्थाओं एवं एनजीओ साथियों का हृदय से आभार।
मैंने भी गीता कॉलोनी घाट पर आयोजित Mega… pic.twitter.com/4ITiaULc8y
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) June 14, 2026
अभियान रहेगा जारी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस अभियान को लगातार जारी रखने की आवश्यकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यमुना में कूड़ा, पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट न डालें और नदी को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. वहीं, पूरी दिल्ली कैबिनेट ने अलग- अलग स्थानों पर पहुंचकर इस अभियान को आगे बढ़ाया और यमुना के घाटों की सफाई में योगदान दी.