नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. अब द्वारका मोड़ डीडीए फ्लैट से उत्तम नगर टर्मिनल तक यात्रियों को डीटीसी बस सेवा की सुविधा मिलने जा रही है जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत होगी. लंबे समय से इस रूट पर सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी जिसे अब पूरा कर दिया गया है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने उत्तम नगर टर्मिनल से कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए नए बस रूट शुरू किए हैं.

इन नए रूटों में उत्तम नगर से डीडीए फ्लैट्स बक्करवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी सेवाएं शामिल की गई हैं. इस फैसले से स्थानीय निवासियों को आने-जाने में काफी आसानी होगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुलभ बनेगी.
दी शुभकामनाएं
इस नई बस सेवा की जानकारी दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पंकज कुमार सिंह ने दी. उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बक्करवाला डीडीए फ्लैट से उत्तम नगर टर्मिनल तक डीटीसी बस सेवा शुरू होने से लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी.
इन्हें मिलेगा लाभ
नई बस सेवा शुरू होने से खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और स्थानीय निवासियों को लाभ मिलेगा. यह बस द्वारका मोड़, ककरौला, एनएसआईटी, डीपीएस मटियाला, झाड़सा सेक्टर 2/6 क्रॉसिंग, महावीर एन्क्लेव, डाबड़ी मोड़ और जनकपुरी सी- 1 जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगी. इससे सड़क पर भीड़भाड़ में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.