भारतीय हैंडबॉल टीम ने बांग्लादेश में लहराया तिरंगा, हिसार के खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

हिसार | बांग्लादेश में 10 से 14 जून तक आयोजित IHF हैंडबाल ट्रॉफी प्रतियोगिता में भारत की अंडर- 20 और अंडर- 18 टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया. इस प्रतियोगिता में न्यूथ अंडर- 18 भारतीय टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की जिसमें गांव नियाणा निवासी खिलाड़ी विपुल ने अहम भूमिका निभाई. फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 48-27 के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया.

Vipul Hisar

पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बांग्लादेशी टीम पर दबाव बनाए रखा. इस मुकाबले में सुशील ने सबसे अधिक 11 गोल किए, राहुल गुर्जर ने 9 गोल, नितिन ने 7 गोल और विपुल ने 6 गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

बधाई का शिलशिला जारी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी विपुल मूल रूप से हिसार के गांव नियाणा के रहने वाले हैं और वर्तमान में शहर के सूर्य नगर में निवास कर रहे हैं. उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है. वहीं, स्थानीय लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं. साथ ही, सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है. बता दें कि भारतीय टीम की इस शानदार जीत पर हैंडबाल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. अंदेश्वर पांडे और महासचिव डॉ. तेजराज सिंह ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की.

यह लोग रहे मौजूद

इस प्रतियोगिता के दौरान टीम के साथ कंटिजेंट मैनेजर के रूप में अतनु मजूमदार, टीम डेलिकेट के रूप में अमित पांडे और कुलदीप राणा मौजूद रहे. वहीं, जूनियर टीम के मुख्य प्रशिक्षक अनूप कस्वा, सुधाकर और फिरोज बंटी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की. भारत की इस जीत को हैंडबाल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.