नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- NCR के मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम में सफर करने वाले लाखों यात्रियों को मोबाइल कनेक्टिविटी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच ट्राई (भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण) की एक रिपोर्ट ने प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों की नेटवर्क सेवाओं की खामियों को उजागर किया है.

यह रिपोर्ट कुल 490 किलोमीटर लंबे 15 मेट्रो और आरआरटीएस रूटों पर किए गए ड्राइव टेस्ट के आधार पर तैयार की गई है. ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों से जल्द- से- जल्द नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, कॉल ड्रॉप कम करने और इंटरनेट स्पीड सुधारने की अपेक्षा जताई है.
15 महत्वपूर्ण रूट
ट्राई के अनुसार, यह सर्वे अप्रैल 2026 में किया गया था जिसमें दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन, पिंक लाइन, येलो लाइन, वॉयलेट लाइन, मैजेंटा लाइन, ग्रीन लाइन, रेड लाइन, ग्रे लाइन, ऑरेंज लाइन, एक्वा लाइन, रैपिड मेट्रो और दिल्ली- मेरठ नमो भारत आरआरटीएस सहित कुल 15 महत्वपूर्ण रूट शामिल थे. रिपोर्ट में सामने आया कि एमटीएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा. वहीं, डेटा डाउनलोड स्पीड में जीओ सबसे आगे रहा जबकि अपलोड स्पीड में एयरटेल ने बेहतर प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन सबसे खराब
कवरेज गैप (सिग्नल कवरेज में कमी) के आंकड़ों के अनुसार, एमटीएनएल का प्रदर्शन सबसे खराब रहा. एमटीएनएल में 48.1% तक कवरेज गैप दर्ज किया गया जबकि एयरटेल में 2.4%, जीओ में 2.5% और वोडाफोन आइडिया में 2.8% कवरेज गैप पाया गया. कॉल ड्रॉप रेट के मामले में भी एमटीएनएल सबसे नीचे रहा. एमटीएनएल का कॉल ड्रॉप रेट 14.7% (51 कॉल ड्रॉप) दर्ज किया गया जबकि एयरटेल का 1.0% (5 कॉल ड्रॉप), जीओ का 1.6% और वोडाफोन आइडिया का 2.0% रहा.
डेटा डाउनलोड स्पीड
डेटा डाउनलोड स्पीड के आंकड़ों में Jio (5G) ने 141.28 एमबीपीएस की औसत स्पीड के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. Airtel (5G) की औसत स्पीड 81.72 एमबीपीएस रही जबकि Vodafon Idea 23.94 एमबीपीएस और एमटीएनएल (4G) केवल 4.30 एमबीपीएस पर रहा. अपलोड स्पीड में एयरटेल ने 25.98 एमबीपीएस के साथ पहला स्थान हासिल किया. इसके बाद जीओ 19.99 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया 16.96 एमबीपीएस और एमटीएनएल 1.84 एमबीपीएस पर रहा.
दिल्ली- NCR के लाखों दैनिक यात्रियों के लिए यह रिपोर्ट इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों ही हिस्सों में नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या लंबे समय से बनी हुई है जिससे सफर के दौरान लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है.