नई दिल्ली | शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है. वह योगा एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रहे थे, तभी कुछ सहयात्रियों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपितों ने पंकज पर घूंसे और लातों से हमला कर दिया.

मामला दर्ज
प्लेटफॉर्म नंबर- 3 पर अफरा- तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल पंकज को तत्काल जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों की पहचान की जा रही है.
किया बचाने का प्रयास
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक पंकज की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर हमलावरों को हटाता और युवक को बचाने का प्रयास करता नजर आता है. इसके बाद आरोपित जल्दबाजी में ट्रेन में सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं.