ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को राहत की तैयारी, सिलेंडर बुकिंग नियमों में होगा बड़ा बदलाव

नई दिल्ली | ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले LPG उपभोक्ताओं को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है. गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार के संकेतों के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है. 1 जुलाई से ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिन की अवधि घटाकर 25 दिन की जा सकती है.

Gas Cylinder

मंत्रालय ने गैस वितरण कंपनियों को मौजूदा आपूर्ति व्यवस्था का आकलन करने और विभिन्न राज्यों की गैस एजेंसियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए हैं. समीक्षा पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर राहत दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.

LPG उपभोक्ताओं को राहत की तैयारी

इस साल मार्च में पश्चिम एशिया में तनाव के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बनी थी. इसके चलते केंद्र सरकार ने गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रित वितरण व्यवस्था लागू की थी. उसी समय शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अ लग बुकिंग अंतराल तय किए गए थे. नई व्यवस्था के तहत, शहरी उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने की अनुमति दी गई थी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई थी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में फुटवियर इंडस्ट्री का महाकुंभ, भारत मंडपम में जुटीं भारत- चीन- ताइवान की कंपनियां

नियमों में होगा बड़ा बदलाव

अब आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के संकेत मिलने के बाद सरकार इस नियम में बदलाव पर विचार कर रही है. यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो ग्रामीण उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग में बड़ी राहत मिलेगी और गैस उपलब्धता भी पहले से बेहतर हो सकती है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.