हरियाणा के स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ स्टार्टअप की भी ट्रेनिंग, शुरू होगा KBC 3.0

चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी स्कूल स्तर पर ही बिजनेस और स्टार्टअप की बारीकियां भी सीखेंगे. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग ने कुशल बिजनेस चैलेंज (KBC) 3.0 आयोजित करने का निर्णय लिया है. इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे. विद्यार्थियों को केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है. इसके तहत बच्चों में कम्युनिकेशन, क्रिटिकल थिंकिंग, क्रिएटिविटी, रिस्क मैनेजमेंट, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित किए जाएंगे.

 

school 3

शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम के लिए एंटरप्रेन्योरशिप एंड फाइनेंशियल लिटरेसी करिकुलम तैयार किया है. इसमें शिक्षकों के लिए विशेष मैनुअल और विद्यार्थियों के लिए वर्कबुक उपलब्ध कराई जाएंगी.

हरियाणा सरकार की नई पहल

विभाग ने प्रदेश के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों से 4 और सेकेंडरी स्कूलों से 2 शिक्षकों का नामांकन 24 जून तक मांगा है. ये शिक्षक मेंटर के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और उनके बिजनेस आइडिया को बेहतर बनाने में मदद करेंगे. कार्यक्रम के तहत, विद्यार्थियों को अपने नए और अभिनव बिजनेस आइडिया विकसित करने का अवसर मिलेगा. स्कूल स्तर से शुरू होने वाली यह प्रक्रिया ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचेगी जहां छात्र अपने विचार प्रस्तुत करेंगे. चयनित विद्यार्थियों को अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी.

स्टार्टअप की ट्रेनिंग

कुशल बिजनेस चैलेंज 3.0 के सफल संचालन के लिए एससीईआरटी के सहयोग से मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे. प्रदेश के 119 ब्लॉकों से 2- 2 मास्टर ट्रेनर चुने जाएंगे. कुल 238 मास्टर ट्रेनरों को एससीईआरटी गुरुग्राम में 5 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद, ये प्रशिक्षक अपने- अपने जिलों और ब्लॉकों में करीब 11,818 शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे. आर्ट्स और साइंस वर्ग के विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकेंगे. उद्यम लर्निंग फाउंडेशन को भी इस पहल से जोड़ा गया है जो विद्यार्थियों को प्रोफेशनल गाइडेंस देकर उनके विचारों को व्यवहारिक रूप देने में मदद करेगी.

यह भी पढ़े -  NHM अनुभव को नजरअंदाज करना गलत, हाईकोर्ट ने भर्ती परिणाम आंशिक रूप से किया रद्द

शुरू होगा KBC 3.0

विद्यार्थियों को 5- 5 के समूह में बांटा जाएगा. प्रत्येक समूह एक बिजनेस आइडिया पर मिलकर काम करेगा. टीमवर्क के माध्यम से बच्चों में सहयोग, नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी. इससे पहले कुशल बिजनेस चैलेंज 2.0 के तहत प्रदेश के 66 विद्यार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 लाख रुपये तक की सहायता दी गई थी. अब KBC 3.0 के जरिए और अधिक विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने की तैयारी की जा रही है.

हरियाणा शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर जल्द ही जिला शिक्षा अधिकारियों, डीपीसी और डाइट प्राचार्यों की बैठक होगी, जिसमें आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.