नई दिल्ली | आम प्रेमियों के लिए राजधानी में एक बार फिर स्वाद और सुगंध से भरपूर उत्सव लौट आया है. बहुप्रतीक्षित 35वां मैंगो फेस्टिवल 2026 दिल्ली में भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है. इस फेस्टिवल में देशभर से लाई गई 400 से अधिक किस्मों के आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. अलफांसो, दशहरी, लंगड़ा, चौसा समेत कई दुर्लभ किस्मों को एक ही जगह देखने और चखने का मौका मिलेगा.

मात्र 100 रुपये में लोग अनलिमिटेड आम चख सकेंगे. आम के शौकीनों के लिए यह आयोजन गर्मियों में सबसे खास अनुभव साबित हो रहा है. आगंतुक अचार, चटनी, स्क्वैश, कैंडी और पापड़ जैसी चीजें भी खरीद सकेंगे. सीधे किसानों से आम खरीदने का अवसर भी दिया गया ह जिससे उपभोक्ताओं और उत्पादकों के बीच सीधा संपर्क बन सके.
दिल्ली में 35वां मैंगो फेस्टिवल
यह उत्सव केवल खाने- पीने तक सीमित नहीं है. आयोजकों ने इसे एक सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजन के रूप में भी तैयार किया है. यहां लाइव सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य और लोक गीतों की प्रस्तुतियां होंगी जिससे माहौल और भी रंगीन बनेगा. परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए खास किड्स जोन, फैमिली एक्टिविटीज और सेल्फी पॉइंट्स की व्यवस्था भी की गई है. फेस्टिवल में आने वाले आगंतुकों को अलग- अलग किस्मों के आमों का स्वाद चखने के साथ -साथ उनकी पहचान और विशेषताओं के बारे में भी जानकारी मिलेगी.
View this post on Instagram
अनलिमिटेड आम चखने का मौका
गर्मी के इस मौसम में मैंगो फेस्टिवल खाद्य प्रेमियों, परिवारों और बच्चों सभी के लिए मनोरंजन और स्वाद का बेहतरीन संगम पेश कर रहा है. चाहे कोई पारंपरिक किस्मों का शौकीन हो या दुर्लभ आमों को आजमाना चाहता हो, यह उत्सव हर उम्र के लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. राजधानी में आयोजित यह फेस्टिवल इस बार आम के दीवानों के लिए यादगार अनुभव लेकर आया है.