दिल्ली में बनेगी 8.1 किमी लंबी द्वारका टनल, गुरुग्राम से साउथ दिल्ली का सफर होगा आसान

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने दिल्ली के लिए एक अहम इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना को मंजूरी दे दी है. कैबिनेट ने 6 लेन की द्वारका टनल के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. यह टनल द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी. करीब 8.1 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 6,969.67 करोड़ रुपये होगी और इसे हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत अगले पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Tunnel

नई टनल बनने से पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के बीच सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. यह कॉरिडोर यूईआर-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे के शिव मूर्ति चौक को वसंत कुंज से जोड़ेगा. इसका सबसे बड़ा फायदा गुरुग्राम, द्वारका, आईजीआई एयरपोर्ट और पश्चिमी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को मिलेगा. इसके अलावा इस रूट पर लंबे समय से बनी रहने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या में भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

इन चीजों का रखा जाएगा ध्यान

इसका निर्माण इस तरह किया जाएगा, जिससे दक्षिणी रिज फॉरेस्ट एरिया को कोई नुकसान न पहुंचे. रिज क्षेत्र को दिल्ली के ‘फेफड़े’ माना जाता है और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए टनल को इसके नीचे से बनाया जाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, कालकाजी फ्लाईओवर के काम से इन इलाकों में बढ़ेगी ट्रैफिक परेशानी

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एम्स और महिपालपुर के बीच एक एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित करने की भी योजना पर काम कर रहा है. यह कॉरिडोर टनल को बारापुल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़ेगा, जिससे पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के साथ-साथ पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा तक बेहतर संपर्क स्थापित होगा.

यात्रा होगी सुगम

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि यह करीब 8 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर शिव मूर्ति इंटरचेंज से शुरू होकर वसंत कुंज, नेल्सन मंडेला मार्ग और बारापुल्ला नाले के पास एलिवेटेड कॉरिडोर के जरिए डीएनडी फ्लाईवे तक पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि पूरी परियोजना का निर्माण आधुनिक तकनीक के साथ किया जाएगा, ताकि रिज फॉरेस्ट एरिया पूरी तरह सुरक्षित रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.