HBSE ने जारी किए जुलाई 2026 परीक्षा के एडमिट कार्ड, ऐसे करें डाउनलोड

चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार तथा अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. परीक्षार्थी 2 जुलाई से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश- पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़, सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि छात्र अपने पिछले रोल नंबर या नाम के साथ पिता और माता का नाम दर्ज कर एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं. इस बार प्रदेशभर से कुल 50,867 परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे.

BSEH Haryana Board

बोर्ड के अनुसार, सीनियर सेकेंडरी की एक दिवसीय परीक्षा 9 जुलाई को आयोजित होगी. सेकेंडरी कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषयों की परीक्षाएं 10 जुलाई से 18 जुलाई तक अलग- अलग परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएंगी. परीक्षाओं को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं.

HBSE ने जारी किए एडमिट कार्ड

सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 24,888 विद्यार्थी शामिल होंगे. इनमें 15,676 छात्र और 9,212 छात्राएं हैं. दूसरी ओर सेकेंडरी वर्ग में 25,979 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे जिनमें 16,269 छात्र और 9,710 छात्राएं शामिल हैं. जिन विद्यार्थियों का परिणाम यूएमसी की दोबारा सुनवाई, पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन के बाद फेल से कंपार्टमेंट में बदला है वे बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं. वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है वे परीक्षा शुरू होने से पहले 1000 रुपए विलंब शुल्क के साथ बोर्ड कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन कर प्रवेश- पत्र प्राप्त कर सकते हैं. जिन विद्यार्थियों का परिणाम पुनर्मूल्यांकन के बाद कंपार्टमेंट से पास हो गया है, वे आंशिक अंक सुधार परीक्षा के लिए पात्र होंगे.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून, 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी; तेज हवाओं का अनुमान

ऐसे करें डाउनलोड

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उस पर दर्ज सभी विवरण सावधानी से जांच लें. यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित समय के भीतर बोर्ड कार्यालय पहुंचकर उसे ठीक करवा लें. बाद में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. प्रवेश- पत्र रंगीन प्रिंट में केवल ए- 4 साइज पेपर पर निकाला जाए. आवेदन के समय अपलोड की गई वही फोटो प्रवेश- पत्र पर चिपकाई जाए और किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य से सत्यापित कराई जाए. परीक्षा केंद्र में प्रवेश- पत्र और मूल पहचान पत्र दोनों साथ लाना अनिवार्य होगा. प्रवेश- पत्र का लेमिनेशन नहीं करवाना है क्योंकि प्रत्येक परीक्षा के दिन उस पर परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर किए जाएंगे. सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.