चंडीगढ़ PGI में टेलीमेडिसिन का बढ़ा दायरा, जल्द और विभाग होंगे ऑनलाइन

चंडीगढ़ | अस्पतालों में लगातार बढ़ रही मरीजों की भीड़ के बीच PGI चंडीगढ़ की टेलीमेडिसिन सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है. अब बड़ी संख्या में मरीज घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श ले रहे हैं. PGI के अनुसार, टेलीमेडिसिन विभाग को हर साल करीब 4 लाख इन्क्वायरी मिल रही हैं, जो पिछले कुछ वर्षों की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई हैं. PGI की ओपीडी में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है.

chandigarh pgi

2025 में संस्थान की विभिन्न ओपीडी में 28.58 लाख मरीज इलाज के लिए पहुंचे. यानी हर दिन औसतन 10 हजार से अधिक मरीज अस्पताल आते हैं. इसी बढ़ते दबाव को कम करने के लिए अस्पताल प्रशासन टेलीमेडिसिन सेवाओं का लगातार विस्तार कर रहा है.

ऑनलाइन फॉलो- अप

PGI के टेलीमेडिसिन कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि पहले से पंजीकृत मरीजों के फॉलो- अप अब ऑनलाइन किए जा रहे हैं. इससे मरीजों को केवल दवा बदलवाने, जांच रिपोर्ट दिखाने या चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती. एंडोक्राइनोलॉजी, पेन क्लिनिक, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों के मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. आने वाले समय में अन्य विभागों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा.

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों बच्चों में अपर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, यानी सर्दी, खांसी और गले के संक्रमण के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. ऐसे मरीजों तक समय पर विशेषज्ञों की सलाह पहुंचाने में टेलीमेडिसिन अहम भूमिका निभा रही है. इससे शुरुआती इलाज जल्दी शुरू हो रहा है और अनावश्यक अस्पताल यात्राएं भी कम हुई हैं.

यह भी पढ़े -  CET ग्रुप- डी अभ्यर्थियों को राहत, HSSC ने आवेदन की बढ़ाई डेडलाइन

इंफॉर्मेशन सिस्टम से जाएगा जोड़ा

उन्होंने बताया कि जल्द ही PGI, एम्स और देश के अन्य बड़े सरकारी अस्पतालों में ई- संजीवनी प्लेटफॉर्म को हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन सिस्टम से जोड़ा जाएगा. इसके तहत, मरीज को पहली बार अस्पताल आकर पंजीकरण कराना होगा, लेकिन इसके बाद कई फॉलो- अप ऑनलाइन किए जा सकेंगे. इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे. साथ ही, अस्पतालों की ओपीडी पर बढ़ते दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी. दूर- दराज के राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.