भारतीय रेलवे की भर्तियों में बड़ा बदलाव, ट्रायल के साथ होगी ऑनलाइन परीक्षा

नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) में अनुकंपा, स्काउट्स एंड गाइड्स, खेल व सांस्कृतिक कोटा के तहत होने वाली भर्तियों की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है. रेलवे बोर्ड देशभर में इन सभी श्रेणियों की नियुक्तियों के लिए एक समान व्यवस्था लागू करने पर काम कर रहा है. प्रस्ताव के अनुसार भविष्य में ट्रायल के साथ अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) या टैबलेट बेस्ड टेस्ट (TBT) भी देना होगा. इससे सभी रेलवे जोनों में भर्ती प्रक्रिया और चयन के मानक एक जैसे किए जा सकेंगे.

RAIL TRAIN

रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना (एन) यूके तिवारी ने 19 जून 2026 को सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिटों (सेंट्रल रेलवे और साउथ ईस्टर्न रेलवे को छोड़कर) को पत्र भेजकर इस प्रस्ताव की व्यवहार्यता पर जल्द सुझाव मांगे हैं.

दिये गये निर्देश

इस संबंध में पहले भी 24 अप्रैल 2026 को सुझाव मांगे गए थे लेकिन कई रेलवे जोनों और इकाइयों से अब तक अपेक्षित जानकारी नहीं मिली है इसलिए संबंधित अधिकारियों को जल्द टिप्पणियां और जरूरी आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

अलग जोन में परीक्षा

इन चारों श्रेणियों की भर्ती प्रक्रिया अलग- अलग रेलवे जोनों में अलग नियमों के अनुसार होती है. उदाहरण के तौर पर पूर्वोत्तर रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे के तहत खिलाड़ियों का चयन केवल ट्रायल और उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर किया जाता है. इसके लिए अलग से कोई लिखित परीक्षा नहीं होती. वहीं, अनुकंपा नियुक्तियों में सामान्य शैक्षणिक योग्यता और लिखने- पढ़ने की क्षमता जांचने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाती है. इसी तरह सांस्कृतिक कोटा की भर्ती में अभ्यर्थियों की गायन, वादन या अन्य कला प्रस्तुतियों के साथ लिखित परीक्षा भी ली जाती है. स्काउट्स एंड गाइड्स कोटे की भर्ती प्रक्रिया भी सभी जोनों में समान नहीं है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में नए वाहन खरीदने से पहले दिखानी होगी पार्किंग, MPD- 2047 में आया प्रस्ताव

अलग व्यवस्था लागू

कुछ रेलवे जोनों में लिखित परीक्षा होती है जबकि अन्य जगह अलग व्यवस्था लागू है. पूर्वोत्तर रेलवे में स्काउट्स एंड गाइड्स कोटे में भी लिखित परीक्षा आयोजित की जाती है. रेलवे बोर्ड अब इन सभी अलग- अलग व्यवस्थाओं को समाप्त कर पूरे देश में एक समान भर्ती प्रक्रिया लागू करना चाहता है.

ट्रायल चयन का हिस्सा

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ट्रायल के साथ CBT या TBT को भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जा सकता है. रेलवे का मानना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और मानकीकृत होगी. उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे में अधिकांश विभागीय पदोन्नति और सीधी भर्ती परीक्षाएं पहले से ही CBT या TBT के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं. अब इसी व्यवस्था को अनुकंपा, स्काउट्स एंड गाइड्स, खेल और सांस्कृतिक कोटा की भर्तियों में भी लागू करने की तैयारी की जा रही है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.