सोनीपत | यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा देने के लिए हरियाणा रोडवेज ने पानीपत और गन्नौर मंडी रूट पर ई-बस सेवा शुरू कर दी है. इन दोनों रूटों के लिए बसों का समय भी तय कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा. हालांकि, सोनीपत से दिल्ली के बीच ई-बस सेवा शुरू होने का इंतजार अभी और बढ़ गया है. किराए को लेकर बने विवाद के कारण फिलहाल इस रूट पर सेवा शुरू नहीं हो सकी है. दिल्ली रूट पर एसी बस और ई-बस के किराए में करीब 20 रुपये का अंतर सबसे बड़ी वजह बना हुआ है.

वर्तमान में एसी बस का किराया 67 रुपये है जबकि ई- बस का किराया 87 रुपये प्रस्तावित है. इसी अंतर को लेकर मामला अभी रोडवेज मुख्यालय में विचाराधीन है. जब तक इस पर अंतिम फैसला नहीं होता तब तक सोनीपत डिपो की ई-बसें केवल कुंडली बॉर्डर तक ही संचालित होंगी.
15 ई- बसें उपलब्ध
सोनीपत डिपो के पास इस समय कुल 15 ई- बसें उपलब्ध हैं. इनमें से कुछ बसें पहले से ही गोहाना रूट पर चल रही हैं जबकि अब पानीपत और गन्नौर मंडी रूट पर भी संचालन शुरू कर दिया गया है. इन रूटों पर यात्रियों की संख्या के अनुसार भविष्य में ई- बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगें. दिल्ली रूट पर ई- बस शुरू करने के लिए रोडवेज ने किराए से जुड़ा प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है. किराए का मुद्दा जल्द सुलझ जाएगा और इसके बाद दिल्ली तक ई- बसों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा.
देखें टाइमिंग
| रूट | साधारण बस किराया | ई- बस किराया |
|---|---|---|
| गन्नौर मंडी | ₹20 | ₹35 |
| पानीपत | ₹55 | ₹80 |
| गोहाना | ₹45 | ₹70 |
अंतिम चरण में कार्य
ई- बस नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए बुनियादी ढांचे पर भी तेजी से काम किया जा रहा है. मुरथल बस अड्डे पर ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है जिससे ई- बसों की चार्जिंग व्यवस्था और मजबूत होगी. रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, चार्जिंग प्वाइंट बढ़ने और किराए पर अंतिम निर्णय होने के बाद सोनीपत के यात्री ई- बस सेवा का पूरा लाभ उठा सकेंगे.
जिले में फिलहाल कुंडली, गोहाना, गन्नौर और पानीपत रूट पर ई- बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. यात्रियों की मांग और संख्या को देखते हुए भविष्य में इन रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने की भी योजना है- सुरेंद्र दुग्गल, SS, रोडवेज डिपो