नई दिल्ली | राजधानी की दिल्ली मेट्रो के मजेंटा लाइन पर बनने वाले इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर से नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के लाखों यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा. इस नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए यात्रियों को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर लाइन बदलने की जरूरत नहीं होगी. वे इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज कर कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे. इससे राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम होने की भी उम्मीद है. दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के तहत प्रस्तावित 12.377 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के निर्माण कार्य की शुरुआत गुरुवार से होगी.

मुख्यमंत्री इस परियोजना का शुभारंभ करेंगी. इससे पहले 24 जून को चरण- 5 (ए) के तहत आरके आश्रम- इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है, जिससे सेंट्रल विस्टा, वॉर मेमोरियल और कर्तव्य पथ भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे.
दिल्ली मेट्रो का बड़ा अपडेट
नया कॉरिडोर बनने के बाद सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन को भी सीधा मेट्रो कनेक्शन मिलेगा. फिलहाल इस रेलवे स्टेशन का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन रेड लाइन का शास्त्री नगर है, जो करीब एक किलोमीटर दूर है. नए कॉरिडोर से यात्रियों की यह परेशानी खत्म हो जाएगी. झंडेवालान मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी. अभी करोल बाग मेट्रो स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है लेकिन नया स्टेशन बनने के बाद मंदिर तक पहुंचना आसान होगा. नबी करीम स्टेशन से सदर बाजार और अजमल खान पार्क स्टेशन से करोल बाग मार्केट तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी.
यात्रियों को फायदा
इंद्रलोक- इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पर कुल 10 मेट्रो स्टेशन होंगे. इनमें इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खान पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय- आईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं. इस कॉरिडोर पर इंद्रलोक, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट और इंद्रप्रस्थ समेत पांच इंटरचेंज स्टेशन बनाए जाएंगे. नई दिल्ली और इंद्रलोक स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज के रूप में विकसित होंगे. वहीं, नबी करीम स्टेशन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का पहला ऐसा स्टेशन होगा जहां मजेंटा लाइन के भीतर ही इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी.