नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- एनसीआर में घर, दुकान, उद्योग या कारोबार के लिए जमीन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) 17 जुलाई को मेगा प्रॉपर्टी नीलामी आयोजित करने जा रहा है. इस नीलामी में प्राधिकरण की 19 योजनाओं के तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, ग्रुप हाउसिंग, दुकान, होटल, सामुदायिक केंद्र, स्कूल और अस्पताल के लिए विभिन्न श्रेणी के भूखंड नीलाम किए जाएंगे. इससे आम खरीदारों के साथ बड़े निवेशकों और संस्थानों को भी एक ही मंच पर निवेश का अवसर मिलेगा.

जीडीए की ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया कि इच्छुक आवेदक 13 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी. ऑनलाइन आवेदन जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे, जबकि ऑफलाइन आवेदन एचडीएफसी बैंक की आरडीसी, राजनगर शाखा से प्राप्त कर वहीं जमा किए जाएंगे.
दिल्ली में निवेश का मौका
प्राधिकरण के अनुसार इस मेगा नीलामी में अलग- अलग श्रेणी के प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आवासीय जरूरतों के साथ व्यावसायिक और संस्थागत निवेश को भी बढ़ावा मिल सके. होटल, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के लिए भी भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं. इससे रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है. कनिका कौशिक ने बताया कि इससे बड़े निवेशकों के साथ छोटे खरीदार भी अपनी जरूरत और बजट के अनुसार भूखंड खरीद सकेंगे.
आवेदन शुरू
हाल ही में आयोजित प्रॉपर्टी नीलामी से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को करीब 213 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था. इसी सफलता को देखते हुए इस बार भी बड़े स्तर पर मेगा नीलामी आयोजित की जा रही है. जीडीए का कहना है कि 17 जुलाई को होने वाली नीलामी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्राधिकरण ने इच्छुक लोगों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर नीलामी में भाग लेने का अवसर प्राप्त करें. उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर आवेदन करने वाले ही नीलामी प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.