चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 19 विभिन्न योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 460 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 1582 करोड़ 16 लाख रुपये सीधे ट्रांसफर किए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे पात्र लोगों तक बिना किसी बिचौलिए के सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे. उन्होंने कहा कि DBT प्रणाली से लाभार्थियों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी होती है.
सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस राशि में सबसे बड़ा हिस्सा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का है. प्रदेश में संचालित 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 1121 करोड़ 39 लाख रुपये सीधे भेजे गए हैं. तकनीक आधारित व्यवस्था के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ अब तेजी और ईमानदारी से लोगों तक पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि DBT व्यवस्था ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के साथ- साथ लोगों का सरकार पर विश्वास भी मजबूत किया है.
पारदर्शी शासन से हरियाणा के परिवारजनों को हो रहा अपार लाभ
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP द्वारा प्रदेश के लाभार्थियों के बैंक खातों में लाभ राशि का Direct Benefit Transfer (DBT) के माध्यम से सीधा हस्तांतरण pic.twitter.com/U3PYDzFxyM
— CMO Haryana (@cmohry) July 10, 2026
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद, बुजुर्ग, महिलाओं और अन्य पात्र वर्गों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है. विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाखों परिवारों को सीधी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है.