नई दिल्ली | जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने शैक्षणिक सत्र 2026- 27 में एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी कम्प्यूटेशनल एंड इंटीग्रेटिव साइंसेज में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को सुधारने का एक अंतिम अवसर दिया है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 11 जुलाई रात 11:50 बजे तक अपने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकते हैं.

उम्मीदवारों को JNU की प्रवेश वेबसाइट पर लॉगिन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बदलाव करना होगा. करेक्शन विंडो केवल सीमित अवधि के लिए खोली गई है. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन या सुधार संबंधी अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
JNU एडमिशन 2026
ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण या अन्य किसी जानकारी में गलती की है, उन्हें समय रहते उसे ठीक कर लेना चाहिए. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें और जल्द- से- जल्द अपने आवेदन फॉर्म की जांच कर आवश्यक बदलाव कर लें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. बता दें कि इन दोनों पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई को समाप्त हो चुकी है.
11 जुलाई तक करें सुधार
एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी कम्प्यूटेशनल एंड इंटीग्रेटिव साइंसेज में दाखिला GAT- B (Graduate Aptitude Test- Biotechnology) स्कोर के आधार पर किया जाएगा इसलिए उम्मीदवारों को अपने आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान कर लेना चाहिए ताकि भविष्य में दस्तावेज सत्यापन या काउंसलिंग के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए. अब आवेदन फॉर्म में सुधार का यह अंतिम अवसर दिया गया है. इसके बाद, विश्वविद्यालय आगे की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेगा.