हिसार | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार, 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे विश्वविद्यालय परिसर में माता अमृता देवी सर्कल और खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प का लोकार्पण करेंगे. साथ ही नर्सिंग ब्लॉक और गर्ल्स हॉस्टल भवन का शिलान्यास भी करेंगे. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई आयोजन भी होंगे. समारोह में बिश्नोई समाज के संरक्षक एवं पूर्व सांसद कुलदीप सिंह बिश्नोई मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे.

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे जबकि लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा अति विशिष्ट अतिथि होंगे. हिसार विधायक सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर सिंह पनिहार, स्वामी डॉ. सचिदानंद आचार्य सहित कई जनप्रतिनिधि और बिश्नोई समाज के गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
स्मृति में होगा पौधारोपण
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री गुरु जम्भेश्वर महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान परिसर में 363 बिश्नोई वीरों की स्मृति में पौधारोपण करेंगे. इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दो विभूतियों को मधु भासिन मेमोरियल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान जोधपुर के खामु राम बिश्नोई और फतेहाबाद के बड़ोपल निवासी विनोद कुमार कड़वासरा को प्रदान किया जाएगा. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हिसार के जिलाधीश महेंद्र पाल ने कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है. कार्यक्रम स्थल को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित किया गया है.
नाटक का होगा मंचन
कार्यक्रम के दौरान खेजड़ली महाबलिदान की गौरवगाथा पर आधारित अशोक राही द्वारा निर्देशित नाटक ‘खेजड़ी की बेटी’ का मंचन भी किया जाएगा. कुलपति ने कहा कि माता अमृता देवी और 363 बिश्नोई वीरों का बलिदान प्रकृति संरक्षण के इतिहास का अमर अध्याय है. विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्मृति शिल्प और सर्कल पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन- जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे. आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है. कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार शाम गुरु जम्भेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में भजन- कीर्तन होगा. वहीं, सोमवार सुबह हवन- यज्ञ का आयोजन किया जाएगा जिसमें शिक्षाविद्, विद्यार्थी, समाज प्रतिनिधि, श्रद्धालु और अन्य गणमान्य लोग भाग लेंगे.
आदेशों के अनुसार कार्यक्रम स्थल के दो किलोमीटर दायरे में लाठी- डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय हथियार और अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा. खुले पेट्रोल-डीजल की बोतल या केन ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी. VVIP रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. 200 मीटर के दायरे में सड़क के दोनों ओर वाहन खड़ा करने की भी अनुमति नहीं होगी.
साथ दिखेंगे कुलदीप बिश्नोई और सीएम
यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई पिछले 42 दिनों में चौथी बार एक साथ नजर आएंगे. इससे पहले 1 जून को मुख्यमंत्री दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पहुंचे थे. इसके बाद, 3 जून को आदमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि कार्यक्रम में दोनों साथ दिखाई दिए. 15 जून को बिश्नोई परिवार ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की थी, जहां दोनों परिवारों ने साथ डिनर भी किया था.
अब हिसार में होने वाला यह कार्यक्रम दोनों नेताओं की 42 दिनों में चौथी मुलाकात होगी. उल्लेखनीय है कि कुलदीप बिश्नोई वर्ष 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे और तब से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.