HSSC के पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी की नई तैनाती, CM Office में मिली अहम जिम्मेदारी

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी को मुख्यमंत्री का स्पेशल ऑफिसर (ग्रिवेंस रिड्रेसल) यानी विशेष शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया है. इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 12 जुलाई को नियुक्ति आदेश जारी किए हैं. जारी आदेश के अनुसार भोपाल सिंह खदरी की नियुक्ति अस्थायी आधार पर की गई है. वह इस पद पर तब तक कार्य करेंगे, जब तक मुख्यमंत्री उन्हें इस जिम्मेदारी पर बनाए रखना उचित समझेंगे. उनकी सेवा शर्तों, वेतन- भत्तों और अन्य नियमों से संबंधित अलग आदेश बाद में जारी किए जाएंगे.

HSSC NEW CHAIRMAN

भोपाल सिंह खदरी को 23 मार्च 2021 को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. उनका कार्यकाल 23 मार्च 2024 तक निर्धारित था, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही उन्होंने 15 मार्च को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.

पढ़ें सफर

उस समय उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं. हालांकि, सरकार की ओर से कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया था. उनके बाद, हिम्मत सिंह को आयोग का नया चेयरमैन बनाया गया. भोपाल सिंह खदरी लंबे समय तक दिवंगत भाजपा सांसद रतनलाल कटारिया के राजनीतिक सचिव भी रहे हैं. संगठन और प्रशासन में उनके लंबे अनुभव के कारण उन्हें भाजपा नेतृत्व और हरियाणा सरकार के भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है. उनका नाम पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी सहयोगियों में भी शामिल रहा है.

किसान परिवार में हुआ जन्म

यमुनानगर जिले के गांव खदरी निवासी भोपाल सिंह खदरी साधारण किसान परिवार से आते हैं. उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत गांव के सरपंच के रूप में की थी. इसके बाद वे हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य बने और बाद में आयोग के चेयरमैन पद तक पहुंचे. अब उन्हें मुख्यमंत्री के विशेष शिकायत निवारण अधिकारी के रूप में नई प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है. भोपाल सिंह खदरी ने एमए की डिग्री हासिल की है और एलएलबी की पढ़ाई भी की है. प्रशासनिक अनुभव, संगठनात्मक कार्यशैली और लंबे सार्वजनिक जीवन के चलते उन्हें समय- समय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रही हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.