नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी है. सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन साइट पर डायाफ्राम वॉल निर्माण के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू हो गया है. प्रस्तावित सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन होगा. यह सेंट्रल दिल्ली के बीच स्थित है, जहां आसपास कई शिक्षण संस्थान, करोल बाग मार्केट, सिनेमा हॉल और देशबंधु गुप्ता रोड जैसे प्रमुख क्षेत्र मौजूद हैं. इस स्टेशन से स्थानीय लोगों को बेहतर और तेज मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी.

12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत बनाया जाएगा. इस रूट पर 10 भूमिगत मेट्रो स्टेशन विकसित किए जाएंगे. यह मैजेंटा लाइन (लाइन- 8) का विस्तार है और इसके पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर बन जाएगी.
7 मेट्रो लाइनों से मिलेगा इंटरचेंज
| स्टेशन | इंटरचेंज लाइन |
|---|---|
| इंद्रलोक स्टेशन | ग्रीन लाइन और रेड लाइन |
| नबी करीम स्टेशन | मैजेंटा लाइन |
| नई दिल्ली स्टेशन | येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस (ऑरेंज लाइन) |
| दिल्ली गेट स्टेशन | वॉयलेट लाइन |
| इंद्रप्रस्थ स्टेशन | ब्लू लाइन |
ड्राइवरलेस मेट्रो का संचालन
कॉरिडोर तैयार होने के बाद सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, अरुण जेटली स्टेडियम, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी. इस नए कॉरिडोर के जरिए यात्रियों को सात अलग- अलग मेट्रो लाइनों से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. डीएमआरसी के अनुसार, इस पूरे कॉरिडोर पर ड्राइवरलेस मेट्रो ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक होगी.
मैजेंटा लाइन का विस्तार भी जारी
वर्तमान में जनकपुरी पश्चिम से आर.के. आश्रम मार्ग तक मैजेंटा लाइन के प्रायोरिटी सेक्शन पर भी तेजी से काम चल रहा है. इस परियोजना के कुछ हिस्से पहले ही चालू हो चुके हैं जबकि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर भी निर्माण कार्य जारी है. इस विस्तार के पूरा होने के बाद दिल्ली- एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और कम यात्रा समय का लाभ मिलेगा.