चंडीगढ़ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री के काफिले का रूट तय कर दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने संभाल ली है और जल्द ही सभी प्रस्तावित मार्गों का रिहर्सल किया जाएगा.

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए राजेंद्र पार्क स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे. सड़क मार्ग से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए रवाना होंगे. सुरक्षा और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दो मुख्य सड़क मार्ग और एक वैकल्पिक रूट तैयार किया है.
दो सड़क मार्ग किए गए तैयार
पहले रूट के तहत प्रधानमंत्री का काफिला राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास के बीच वाले मार्ग से होते हुए विज्ञान पथ के जरिए सीधे पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेगा. दूसरे वैकल्पिक रूट के अनुसार काफिला राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब मुख्यमंत्री आवास के बाहर से नयागांव की ओर जाने वाली सड़क के रास्ते पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक पहुंचेगा. दोनों मार्गों का चयन सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखकर किया गया है.
एयरपोर्ट से होगा सफर
यदि किसी कारणवश हेलीकॉप्टर से यात्रा संभव नहीं हो पाती है तो प्रधानमंत्री के लिए एयरपोर्ट से सड़क मार्ग का भी वैकल्पिक रूट तैयार किया गया है. इस रूट के तहत काफिला एयरपोर्ट स्थित एयरफोर्स एंट्री से रवाना होकर एयरपोर्ट चौक, ट्रिब्यून चौक, मध्य मार्ग, ट्रांसपोर्ट चौक और पंजाब राजभवन वाले मार्ग से होते हुए विज्ञान पथ के जरिए पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेगा.
16 जुलाई को होगा अंतिम रिहर्सल
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात SPG की टीम चंडीगढ़ पहुंच चुकी है. सुरक्षा एजेंसियां जल्द ही तीनों प्रस्तावित रूटों का रिहर्सल करेंगी. इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. राजेंद्र पार्क स्थित हेलीपैड को भी पूरी तरह तैयार कर दिया गया है. रूट और सुरक्षा व्यवस्था का अंतिम रिहर्सल 16 जुलाई को किया जाएगा. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में करीब 5,500 लोगों की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और SPG ने पूरे परिसर की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली है.
पूरे शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं. सुरक्षा कारणों से शहर को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया जाएगा और ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने और निर्धारित दिशा- निर्देशों का पालन करने की अपील की है.