चंडीगढ़ की VIP रोड, 45 साल से जनता के लिए बंद… जानें क्यों?

चंडीगढ़ | राजधानी चंडीगढ़ में एक ऐसी सड़क है, जहां पिछले 45 साल से आम लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद है. नयागांव- चंडीगढ़ बैरियर के पास स्थित करीब 500 मीटर लंबी इस VIP रोड को केवल प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अन्य VVIP मूवमेंट के दौरान ही खोला जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के दौरे पर भी सुरक्षा कारणों से इसी मार्ग को खोला गया. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट इस सड़क को आम लोगों के लिए खोलने का आदेश दे चुका है, लेकिन मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है.

Road

यह सड़क नयागांव बैरियर से शुरू होकर पंजाब के मुख्यमंत्री आवास, हरियाणा मुख्यमंत्री आवास, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, सिविल सचिवालय, सुखना लेक और पंजाब राजभवन तक जाती है. राजेंद्र पार्क हेलीपैड से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) और राजभवन पहुंचने का यह सबसे छोटा और सुरक्षित VIP कॉरिडोर माना जाता है.

ट्रैफिक का दबाव कम

इस सड़क को 1980 में पंजाब में आतंकवाद के दौर के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था. तब से यहां सामान्य ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसका उपयोग केवल सुरक्षा एजेंसियों तथा VVIP काफिलों के लिए किया जाता है. सड़क बंद होने का असर सिर्फ 500 मीटर तक सीमित नहीं है. नयागांव समेत करीब 25 गांवों के हजारों लोगों, वकीलों, कर्मचारियों और छात्रों को हाईकोर्ट, सचिवालय और सुखना लेक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है. यदि यह मार्ग खुल जाए तो यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और शहर के कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा.

यह भी पढ़े -  इस दिन जारी होगी हरियाणा ITI की पहली मेरिट लिस्ट, चूक गए तो रद्द हो जाएगी सीट

जनहित याचिका दायर

इस सड़क को खोलने की मांग को लेकर 2014 में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी. करीब 10 साल की सुनवाई के बाद 1 मई 2024 को हाईकोर्ट ने ट्रायल आधार पर सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक सड़क खोलने का आदेश दिया था. हालांकि पंजाब सरकार ने सुरक्षा का हवाला देते हुए इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जहां 3 मई 2024 को हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी गई. फिलहाल, यह सड़क आम लोगों के लिए बंद है. हालांकि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति या अन्य VVIP के दौरे के दौरान सुरक्षा जरूरतों के अनुसार इसे अस्थायी रूप से खोला जाता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.