नई दिल्ली | नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026’ के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस पुरस्कार के तहत उन बच्चों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों से समाज तथा देश का नाम रोशन किया है. यदि किसी बच्चे ने किसी भी क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल की है, तो उसे इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए नामांकित किया जा सकता है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बच्चों के लिए देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है.

वाराणसी के जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बाल प्रतिभाओं को सही पहचान और प्रोत्साहन देना है. इसी सोच के तहत इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक योग्य बच्चों का नामांकन कराने की अपील की है. इस वर्ष पुरस्कार छह प्रमुख श्रेणियों में प्रदान किया जाएगा. इनमें वीरता, खेलकूद, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति शामिल हैं. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्रेणी में बच्चों द्वारा विकसित नए नवाचार, अनुसंधान, किसी नए उत्पाद या विचार का प्रारंभिक मॉडल अथवा प्रोटोटाइप जैसी उपलब्धियों को विशेष महत्व दिया जाएगा. महिला एवं बाल विकास मंत्रालय इस बार ‘डिजिटल इंडिया’ और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्रेणी पर विशेष फोकस कर रहा है.
नवाचार विकसित
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि यदि किसी बच्चे ने विज्ञान, रोबोटिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण तकनीक या किसी अन्य वैज्ञानिक क्षेत्र में कोई नया मॉडल, पेटेंट या नवाचार विकसित किया है, तो उसे इस पुरस्कार के लिए अवश्य आवेदन करना चाहिए. महिला कल्याण विभाग, वाराणसी ने जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने आसपास मौजूद ऐसी प्रतिभाओं की पहचान करें और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में सहयोग करें. योग्य बच्चों का नामांकन समय रहते कराया जाए.
ऑनलाइन आवेदन
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थी या उनके अभिभावक आधिकारिक वेबसाइट awards.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. समय पर आवेदन करने वाले योग्य बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने का अवसर मिलेगा.