चंडीगढ़ | हरियाणा के पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री और पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर CM नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर टोहाना विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में लंबित विकास परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने और नई योजनाओं को गति देने का आग्रह किया. मुलाकात के दौरान देवेंद्र सिंह बबली ने मुख्यमंत्री के समक्ष टोहाना विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख विकास योजनाओं का मुद्दा उठाया.

उन्होंने विशेष रूप से गांव रसूलपुर में प्रस्तावित गुरु रविदास मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की. उनका कहना था कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे.
विकास पर हुई चर्चा
बबली ने मुख्यमंत्री को टोहाना विधानसभा क्षेत्र की अन्य विकासात्मक जरूरतों और जनहित से जुड़े लंबित मामलों से भी अवगत कराया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और विकास योजनाओं को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
हमेशा सक्रिय
बैठक के बाद देवेंद्र सिंह बबली ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से टोहाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा, विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे. मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री ने बताया कि वह टोहाना के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर समय- समय पर मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों से मुलाकात करते रहते हैं.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह हमेशा सक्रिय रहे हैं. अपने कार्यकाल के दौरान भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को गति देने का काम किया था. अब भी उनका प्रयास है कि टोहाना में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं जल्द पूरी हों, ताकि क्षेत्र के लोगों को उनका लाभ मिल सके.