फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद नगर निगम ने शहर में सड़कों पर घूमने वाली गायों और अन्य आवारा पशुओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब दूध निकालने के बाद गायों को खुले में छोड़ने वाले पशुपालकों पर सिर्फ जुर्माना नहीं लगाया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ सीधे पुलिस में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम ने इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया है. ये टीमें शहर की सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के मालिकों की पहचान करेंगी और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगी.

नगर निगम के अधिकारी नितेश परमार ने बताया कि उन लोगों पर कार्रवाई कार्रवाई की जाएगी जो पशुओं से लाभ लेने के बाद उन्हें बेसहारा छोड़ देते हैं. ऐसे पशुपालकों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा.
होगी पहचान
अधिकारियों के अनुसार, शहर में कई लोग गाय और अन्य पशु पालते हैं. जब तक पशु दूध देता है, तब तक उसकी देखभाल की जाती है. लेकिन दूध देना बंद होने पर कई लोग बछड़े को अपने पास रख लेते हैं और गाय को सड़कों पर छोड़ देते हैं. अब यदि ऐसी कोई गाय या पशु सड़क पर घूमता मिला, तो उसके मालिक की पहचान कर उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा.
नहीं छूटेंगे मालिक
अब तक नगर निगम पहली बार पकड़े गए पशु को छुड़ाने के लिए 5,100 रुपये और दूसरी बार 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूलता था. लेकिन नई व्यवस्था के तहत सिर्फ जुर्माना लेकर पशु वापस नहीं छोड़ा जाएगा. पशु को खुले में छोड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम की विशेष टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से संचालित डेयरी फार्मों की भी जांच कर रही हैं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे हैं. साथ ही, सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.